Advertisement

पोस्टर बनाकर दिया गया मादक पदार्थों से दूर रहने का संदेश

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त विजया जाधव के निर्देश पर नशा मुक्त समाज निर्माण एवं युवाओं को मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने को लेकर जारी अभियान के तहत जिले में लगातार जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 22 जून को चास प्रखंड के हद में तालगेरिया स्थित कौशल विकास केंद्र में अध्ययनरत छात्राओं के बीच चित्रांकन एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

बताया जाता है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों के बीच मादक द्रव्यों के सेवन से होने वाले नुकसान से जागरूक करना। स्वयं ऐसा नहीं करना एवं दूसरों को भी ऐसा नहीं करने को लेकर प्रेरित करने की सीख देना है। उक्त जागरूकता कार्यक्रम में छात्रों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।

इस अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में छात्रों ने अपने संबोधन के माध्यम से नशीले तथा मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने के लिए प्रेरित किया। चित्रांकन प्रतियोगिता में भी छात्रों ने एक से बढ़कर एक पोस्टर बनाकर नशा मुक्त भारत बनाने का संदेश दिया।

ज्ञात हो कि, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के जागरूकता रथ द्वारा भी बोकारो जिले के विभिन्न प्रखंडों का भ्रमण कर आमजनों को नशा से मुक्ति का संदेश दिया जा रहा है। विभिन्न आडियो-विजुअल संदेश के माध्यम से आमजनों को मादक पदार्थों को छोड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

राज्य सरकार मादक पदार्थों के रोकथाम को लेकर दृढ़ संकल्पित दिख रही है। आमजनों के बीच जागरूकता को लेकर राज्य सरकार ने आगामी 26 जून तक जागरूकता कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *