सांसद ने दिया सक्षम स्तर से बात कर समस्या के निदान का आश्वासन
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला मुख्यालय छपरा स्थित समाहरणालय सभा कक्ष में 15 मई को जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (दिशा) की बैठक की गयी। बैठक की अध्यक्षता मंत्री, विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग सह प्रभारी मंत्री सारण सुमित कुमार सिंह ने की।
दिशा की बैठक में सबसे पहले विगत बीस सूत्री की बैठक में उठाये गए मामलों के अनुपालन को लेकर एक -एक कर चर्चा की गई। इस संदर्भ में सदस्यों से उनकी प्रतिक्रिया ली गई। बैठक में शिक्षा विभाग से संबंधित कई मामले सदस्यों द्वारा उठाये गए। कई वर्षों से एक ही कार्यालय में पदस्थापित लेखापाल – क्लर्क को स्थानांतरित करने जैसे कई मामले उठाये गए। इस संबंध में एक उच्च स्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया गया। इस समिति में बीस सूत्री के सदस्य भी शामिल होंगे। यह समिति प्रत्येक महीने एक बार बैठक कर शिक्षा विभाग से संबंधित प्राप्त सभी शिकायतों को लेकर की गई कार्रवाई की समीक्षा करेगी।
बैठक में कहा गया कि विगत एक वर्ष में शिक्षा विभाग से संबंधित सभी शिकायतों को एक साथ सूचीबद्ध कर इस संदर्भ में की गई कार्रवाई की समीक्षा की जायेगी। सोनपुर में रेलवे की जमीन पर निर्मित भवन में संचालित कॉलेज को न्यायालय के आदेश के आलोक में भवन को बंद किये जाने का मुद्दा उठाया गया। महराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि वे इस संबंध में सक्षम स्तर से बात कर समस्या निदान के लिए पहल करेंगे। कई सदस्यों द्वारा अपने -अपने क्षेत्र से संबंधित समस्याओं को उठाया गया। बैठक में स्वास्थ्य सेवा, नल जल योजना, जन वितरण प्रणाली आदि से संबंधित मामलों को सदस्यों द्वारा उठाया गया। सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
बैठक में नगर पंचायत कोपा के एक क्षेत्र में नल जल योजना के अविलंब क्रियान्वयन का निर्देश दिया गया। चापाकलों की मरम्मती उच्च प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश दिया गया। अबतक मरम्मती कराये गए चापाकलों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को दिया गया। सभी सदस्यों से भी खराब चापाकलों की सूचना उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। सूचना प्राप्त होने के उपरांत तीन दिनों के अंतर्गत इसकी मरम्मती सुनिश्चित कराने का निर्देश पीएचईडी को दिया गया।
बैठक में मांझी प्रखंड के मरहा में ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा निर्माणाधीन पुल के कार्य की गुणवत्ता को लेकर सदस्यों द्वारा सवाल उठाया गया। इस संदर्भ में इसकी तकनीकी रूप से जांच कराने का निर्देश दिया गया। कई योजनाओं में प्राक्कलन के अनुरूप निर्धारित गुणवत्ता के स्टोन चिप्स का उपयोग नहीं किये जाने की शिकायत की गई। इस संबंध में जांच कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जेपी सेतु के समानांतर निर्माणाधीन 6 लेन पुल से सोनपुर के दियारा क्षेत्रों को रैंप के माध्यम से पक्की सड़क संपर्कता देने के लिए कार्रवाई का अनुरोध किया गया। इस संबंध में एनएचएआई के अभियंता को फिजिबिलिटी के अनुरूप प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। बैठक में कुछ निजी अस्पतालों द्वारा आयुष्मान भारत कार्डधारियों से ईलाज व्यय की राशि मरीज/परिजनों से लेने एवं आयुष्मान कार्ड के माध्यम से भी ईलाज व्यय की बिलिंग करने का मामला उठाया गया। इस संबंध में संबंधित अस्पताल/चिकित्सकों की जांच कराने को कहा गया।
बैठक में महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक तरैया जनक सिंह, उपाध्यक्ष जिला बीस सूत्री अल्ताफ राजू, उपाध्यक्ष जिला बीस सूत्री रंजीत सिंह, विधान पार्षद सच्चिदानंद रॉय, विधान पार्षद वीरेंद्र नारायण यादव, विधान पार्षद अफाक़ अहमद, विधायक सीएन गुप्ता, विधायक केदारनाथ सिंह, विधायक जितेंद्र कुमार राय, विधायक डॉ रामानुज प्रसाद, विधायक छोटेलाल राय, विधायक श्रीकांत यादव, मेयर छपरा लक्ष्मी नारायण गुप्ता, अध्यक्ष जिला परिषद जयमित्रा देवी, जिलाधिकारी अमन समीर, पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष, वन प्रमंडल पदाधिकारी, समिति के अन्य सदस्यगण, सांसद सारण के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply