Advertisement

ड्रग माफियाओं की सूचना देनेवालों की पहचान रखी जाएगी गुप्त-उपायुक्त

उपायुक्त की अध्यक्षता में नार्को कोऑर्डिनेशन कमिटी की बैठक

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में 26 जून को नार्को कोऑर्डिनेशन कमिटी की बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में, इसके पूर्व आयोजित बैठक की कार्यवाही पर दिए गए निर्देशो के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही आगे की कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने उपस्थित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ बोकारो जिले में नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालयों में कार्य योजना तैयार करते हुए कार्यशाला आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हमारी युवा पीढ़ी नशे की जाल में आसानी से फंस जाते हैं, हमें उन्हें इसके दुष्परिणामों से अवगत कराना है। उन्होंने मानस पोर्टल के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि इस पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन करें, ताकि इस पोर्टल के बारे में अधिकाधिक रहिवासियों को जानकारी हो सके।

बैठक में उपायुक्त झा ने अधिकारियों को डी-एडिक्शन सेंटर अति शीघ्र आरंभ करने का निर्देश दिया, ताकि वैसे युवा जो मादक पदार्थों के चंगुल में फंस गए हों उन्हें समाज की मुख्य धारा में वापस लाया जा सके। उपायुक्त ने पुलिस पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी को क्षेत्र में लगातार सघन छापेमारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चिन्हित स्थलों, दुकानों पर छापेमारी करें एवं ड्रग चेन को तोड़े। उन्होंने कहा कि हमें जन जागरूकता के साथ-साथ ड्रग माफियाओं के हौसलों को भी तोड़ना होगा, ताकि ड्रग सप्लाई बंद हो सके और युवा एवं आमजन सुरक्षित रह सके।

उपायुक्त झा ने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि ड्रग माफियाओं के खिलाफ सूचना देने वाले आम नागरिकों की पहचान हर हाल में गुप्त रखें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी ना हो। कहा कि हमें ड्रग माफियाओं के चेन को तोड़ना है। ऐसे में जन सहयोग आवश्यक है। उन्होंने इस कार्य के लिए गैर सरकारी संस्थानों से भी मदद की अपील की। उन्होंने आम नागरिकों से कहा कि मादक पदार्थों के कार्य में लगे किसी भी असामाजिक तत्व की सूचना जिला प्रशासन को निर्भीक होकर दें, समाज से बुराई को दूर करने में प्रशासन का सहयोग करें।

बैठक के दौरान सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास प्रांजल ढांडा, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मुकेश मछुआ, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *