Advertisement

दुल्हे ने घोड़ी चढ़ने से पहले किया रक्तदान

शादी से एक दिन पहले दूल्हे ने किया रक्तदान-ब्लडमैन सलूजा

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। ह्यूमैनिटी सेवियर्स के सदस्यों में रक्तदान का नशा सर चढ़कर बोल रहा है। यही कारण है कि ह्यूमैनिटी सेवियर दूल्हे ने अपनी शादी की घोड़ी चढ़ने से पहले रक्तदान कर दिलेरी की मिशाल पेश की है।

संस्था के संस्थापक अध्यक्ष ब्लड मैन हरबंस सिंह सलूजा ने 10 जुलाई को बताया कि हमारी संस्था के सदस्य हर तीन महीने उपरांत रक्तदान करते हैं। कुछ सदस्य अपनी शादी की सालगिरह पर, तो कुछ सदस्य अपने एवं अपने परिवार व बच्चों के जन्मदिन पर रक्तदान कर खुशियां बांटते हैं। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए संस्था के सक्रिय सदस्य मयंक राज ने ठान लिया कि मैं शादी से एक दिन पहले रक्तदान करूंगा।

बस इसी ज़िद को पूरा करने के लिए मयंक ने हल्दी की रस्म होने के उपरांत एवं घोड़ी चढ़ने से एक दिन पहले ब्लड बैंक पहुंचे और अपना 25वां रक्तदान किया। ब्लड मैन सलूजा ने बताया कि ह्यूमैनिटी सेवियर्स द्वारा रेड क्रॉस ब्लड बैंक बोकारो में 10 जुलाई को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

इस शिविर में मुख्य रूप से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए रक्त एकत्रित किया गया, जिसमें पूर्व नगर आयुक्त चास सौरभ कुमार भुवनिया सहित अन्य रक्तदाताओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। रक्तदान शिविर में कुल 31 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

इस अवसर पर चास के पूर्व नगर आयुक्त भुवनिया ने कहा कि रक्तदान के लिए युवाओं को आगे आना चाहिए एवं नए रक्तदाताओं को तैयार करना चाहिए। विश्व रिकॉर्ड धारक ब्लड मैन हरबंस सिंह सलूजा ने कहा कि शिविर में जरूरतमंदों के लिए रक्तदान कर जीवनदान देने की कोशिश की गई।

रक्तदान शिविर को सफल बनाने में संस्था के सौरभ रस्तोगी, माया राय, गुरविंदर सिंह टुटेजा उर्फ सैन्की, प्रवीण कुमार, मयंक राज, आनंद अग्रवाल, पुनीत जेठवा, डॉक्टर शैलेश, जयदेव राय सहित रेड क्रॉस ब्लड बैंक के डॉ यू मोहंती एवं पूरी टीम का सराहनीय सहयोग रहा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *