प्रशासनिक महकमा के पहल व् आश्वासन के तीन घंटा बाद सड़क जाम हटा
प्रहरी संवाददाता/बोकारो। बोकारो जिला के हद में कथारा-बोकारो थर्मल मार्ग पर बीटीपीएस मोड़ के समीप बीते 23 दिसंबर की देर संध्या सड़क दुर्घटना में हाइवा चालक की मौत हो गई। हाइवा चालक की मौत के दूसरे दिन संध्या उचित मुआवजा की मांग को लेकर मृतक के परिजनों ने शव को कथारा मुख्य चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान सड़क जाम समर्थकों की कई बाइक सवारों से हल्की झड़प भी हो गयी। बाद में प्रशासनिक महकमा के पहल व् आश्वासन के बाद सड़क जाम हटाया गया। इस दौरान तीन घंटे से अधिक सड़क जाम से राहगीर परेशान हाल रहे।
ज्ञात हो कि बीते 23 दिसंबर की देर संध्या तेज रफ्तार चार पहिया वाहन क्रमांक-JH09BE/9732 की चपेट में आने से हाइवा चालक शंकर मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय रहिवासियों की मदद से उसे सीसीएल के कथारा क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए हसे बोकारो स्थित के. एम. मेमोरियल अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जाता है कि मृतक शंकर मुंडा कथारा ओपी क्षेत्र के असनापनी रहिवासी थे और पेशे से हाइवा चालक थे। घटना से पुर्व वह सड़क किनारे हाइवा खड़ा कर नीचे उतरने के दौरान तेज रफ्तार आ रहे चार पहिया वाहन (कार) की चपेट में आ गया, कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक विशाल कथारा चार नंबर रहिवासी है। उसकी मां सीसीएल में कार्यरत हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय रहिवासी जमा हो गए। घटना की सूचना पाकर बोकारो थर्मल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
दूसरे दिन 24 दिसंबर को मृतक के परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर कथारा मुख्य चौक को जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पाकर मौके पर बेरमो के अंचलाधिकारी (सीओ) संजीत कुमार सिंह तथा बोकारो थर्मल थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर पिंकू कुमार यादव दलबल के साथ कथारा मोड़ जाम सट पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर वार्ता की। सहमति बनने के बाद सड़क जाम हटाया गया। इसके बाद आवागमन सुगम हो सका।
इस अवसर पर बेरमो सीओ सिंह ने बताया कि सरकारी नियमानुसार मृतक के आश्रित को सहायता राशि दिया जायेगा, इसके अलावा वाहन वीमा में देय राशि का भी लाभ मिलेगा, परन्तु सड़क जाम करने से परिजनों की परेशानी बढ़ जायेगी। थाना प्रभारी यादव ने कहा कि मृतक के प्रति उनकी सहानुभूति है। वे चाहेंगे कि मृतक के परिजन को अधिक से अधिक भरपाई की जा सके, लेकिन सड़क जाम करने से यह आसान न होगा।
![]()













Leave a Reply