समीक्षा बैठक में जिला से लेकर प्रखंड तक के अधिकारियों की रही उपस्थिति
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के ग्रामीण विकास एवं परिवहन विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने 27 दिसम्बर को सारण जिला समाहरणालय छपरा के सभा कक्ष में जिले में संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक की।
समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी योजनाओं का क्रियान्वयन ससमय कराने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत चयनित परिवारों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किस्त की राशि का भुगतान कराते हुए सभी आवासों को 31 मार्च 2026 तक पूर्ण कराने का निर्देश दिया। सर्वे के तहत जिन परिवारों का नाम जोड़ा गया है, उन सभी का सत्यापन आगामी 15 जनवरी तक कराने का निर्देश जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को दिया गया।

समीक्षा बैठक में मनरेगा योजना अंतर्गत जिन परिवारों द्वारा काम की मांग की गई है, उन्हें एक सप्ताह के अंदर काम उपलब्ध कराने का निर्देश जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा को दिया गया। बैठक में लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत जिन परिवारों को पूर्व में प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया जा सका है, उन्हें एक माह के भीतर भुगतान कराने का निर्देश जिला समन्वयक, जिला जल एवं स्वछता समिति सारण को दिया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी सारण को सभी विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का ससमय कार्यान्वयन एवं निष्पादन का निर्देश दिया गया। समीक्षा बैठक में प्रभारी उप विकास आयुक्त, निदेशक डीआरडीए, जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, मनरेगा पीओ सहित अन्य सभी संबंधित पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply