देश के नामी कलाकार बिखेरेंगे कला का जादू,विधान सभाध्यक्ष होंगे मुख्य अतिथि
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। उत्तर बिहार के सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित सुप्रसिद्ध लोक सेवा आश्रम में 7 अगस्त को संत बाबा राम लखन दास की समाधि पर घुंघरुओं के झंकार और संगीत के बोल गूंजेंगे। आयोजित 85वें शास्त्रीय संगीत, वाद्य एवं नृत्य सम्मेलन में देश के नामी-गिरामी कलाकार अपनी कला का जादू बिखेरेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार विधान सभाध्यक्ष नन्द किशोर यादव एवं बिहार सवर्ण आयोग के अध्यक्ष डॉ महाचंद्र प्रसाद सिंह होंगे।
जानकारी के अनुसार इस आयोजन की तैयारी पूरी कर ली जा चुकी है। देश-विदेश के प्रसिद्ध शास्त्रीय नृत्य, वाद्य एवं गायन में सिद्धहस्त कलाकारों के मिलन का इस बार भी आश्रम का सांस्कृतिक मंच गवाह बनेगा। सोनपुर स्थित लोकसेवा आश्रम के बिहार प्रदेश उदासीन महामंडल अध्यक्ष एवं व्यवस्थापक महंत संत विष्णुदास उदासीन उर्फ मौनी बाबा एवं आश्रम के विधि सलाहकार विश्वनाथ सिंह ने 6 अगस्त को उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि आश्रम संस्थापक परम पूज्य स्व. संत बाबा रामलखन दास की इस दिन 56वीं पुण्य स्मृति दिवस भी है।
बताया कि 7 अगस्त को संध्या 7.30 बजे से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी कला व् नृत्य-संगीत का प्रदर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। बताया कि जिन कलाकारों ने मंच पर कार्यक्रम प्रस्तुत करने की सहमति दी है उनमें पश्चिम बंगाल के शास्त्रीय गायक पंडित कार्तिक माजी एवं सिद्धेश्वर भौमिक, वैशाली के देवानंद ठाकुर और सेवानिवृत जिला जज दिनेश शर्मा अपने गायन से मंच की गरिमा बढ़ाएंगे।
बताया गया कि कोलकाता के हारमोनियम वादक कृष्णेंदु दत्ता एवं भारती संगीत विद्यालय लालगंज (वैशाली) के कला साधक मंगलाचरण की प्रस्तुति करेंगे। पश्चिम बंगाल के तबला वादक पंडित बप्पादित्य उपाध्याय, जितिलेश्वर भौमिक एवं कोलकाता के तबला वादक सुदीप चटर्जी, रांची के तबला वादक लक्ष्मीनारायण ओझा, पटना के तबला वादक आर्यन शंकर, दिल्ली के पंडित मिलन कुमार मोहन-वीणा, सौपर्ण चक्रवर्ती-वायलिन, कोलकाता के पंडित देवकुमार डे-बांसुरी, पश्चिम बंगाल की कत्थक नृत्यांगना झिलिक भौमिक, अंकिता चटर्जी एवं अर्पिता चटर्जी, आदित्या श्रीवास्तव की नृत्य संरचना और दिल्ली के कलाकारों का समूह नृत्य होगा। उद्घोषक के रूप में कार्यक्रम संयोजक डॉ अशोक कुमार सिंह गौतम के अलावा आचार्य चंद्र किशोर पराशर, अजय सिंह आदि की उपस्थिति होगी।
![]()













Leave a Reply