Advertisement

हरवे हथियार से लैस घर में घुसकर वृद्ध दंपती से मारपीट का फरार आरोपी गिरफ्तार

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बालीडीह थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी कृष्णा बस्ती बड़का फिल्ड के बगल में बीते वर्ष 11 दिसंबर 2025 को हुई गंभीर मारपीट की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार पीड़ित राजमणि यादव द्वारा दर्ज आवेदन के आधार पर बालीडीह थाना में कांड क्रमांक-351/25 दर्ज किया गया था। आवेदन में बताया गया कि घटना की शाम लगभग 6:30 बजे 10 से 12 की संख्या में आरोपी हरवे हथियार से लैस होकर उनके घर में जबरन घुस आए और पूर्व से चले आ रहे विवाद को लेकर वृद्ध माता-पिता के साथ बेरहमी से मारपीट की गयी। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें कई दिनों तक अस्पताल में इलाज कराना पड़ा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही दो आरोपियों बब्लू कालिंदी और भोंदा कालिंदी उर्फ मोहन कालिंदी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। इसी क्रम में 19 जनवरी को उक्त कांड में फरार चल रहे आरोपी जेकी कालिंदी उर्फ जेकी डोम, पिता स्वर्गीय राधा कालिंदी उर्फ राधा डोम, रहिवासी कृष्णा नगर डोमपाड़ा थाना बालीडीह को कसमार थाना क्षेत्र के खैराचातर से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।छापेमारी अभियान में पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *