अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर रेल मंडल द्वारा सोनपुर स्टेशन परिसर के व्यावसायिक उपयोग और यात्रियों को अतिरिक्त सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसे लेकर 27 जून को सोनपुर स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया एवं स्टेशन अप्रोच रोड के आसपास अधिग्रहित क्षेत्र में कुल लगभग 366 नन फेयर रेवन्यु (एनएफआर) स्टॉलों एवं नॉन-डिजिटल टाइम टेबल विज्ञापन के लिए टेंडर आमंत्रित (फ्लोटेड) किया गया है।
जानकारी के अनुसार यह टेंडर, रेलवे की गैर-किराया राजस्व (एनएफआर) नीति के अंतर्गत जारी किया गया है, जिसका उद्देश्य रेल राजस्व में वृद्धि करना एवं स्टेशन परिसर में सुव्यवस्थित व्यापारिक अवसरों को बढ़ावा देना है। बताया जाता है कि आगामी 14 जुलाई को प्रातः 11 बजे से यहां नीलामी की प्रक्रिया आरम्भ होगी। इस टेंडर प्रक्रिया के अंतर्गत: सोनपुर स्टेशन परिसर एवं अप्रोच रोड के किनारे स्थित स्थानों पर 366 स्टॉलों की स्थापना का प्रस्ताव है।
जिसमें यात्रियों को खानपान, दैनिक उपयोग की वस्तुएँ, स्टेशनरी, मोबाइल एक्सेसरीज व अन्य सुविधाजनक सेवाएं प्राप्त होंगी।साथ ही टाइम-टेबल संबंधी नॉन-डिजिटल विज्ञापन के लिए भी स्थलों की नीलामी होगी, जिससे सूचना का बेहतर प्रचार-प्रसार संभव हो सकेगा। सोनपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रोशन कुमार ने बताया कि यह टेंडर रेलवे एवं आमजन दोनों के हित में है। कहा कि एक ओर जहां इससे रेलवे को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा, वहीं दूसरी ओर यात्रियों को स्टेशन पर हीं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने बताया कि पारदर्शी ई- नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से इच्छुक व्यवसायी, उद्यमी एवं एजेंसियां इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। इससे स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।ई-नीलामी में भाग लेने हेतु सभी इच्छुक प्रतिभागियों से समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीकरण कराने का उन्होंने आग्रह किया है।
![]()













Leave a Reply