
बाल विवाह, दहेज प्रथा के विरुद्ध भी सक्रिय रहने की आवश्यकता-उपायुक्त
एस.पी.सक्सेना/देवघर (झारखंड)। देवघर जिला उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री Deoghar district Deputy Commissioner Manjunath Bhajantri) की अध्यक्षता में 30 जून को जिला के हद में सभी प्रखंडो में तेजस्वनी क्लब द्वारा टीकाकरण को लेकर किए जा रहे कार्यों की वर्चुअल विस्तृत समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने प्रखंडवार तेजस्वनी योजना में कार्यरत ब्लॉक कॉ-ऑर्डिनेटर, फील्ड कॉ-ऑर्डिनेटर, युथ फैसिलिटेटर(युवा-सूत्रधार), क्लस्टर कॉ-ऑर्डिनेटर, संगी, तेजस्वनी क्लब के सदस्यों द्वारा अपने-अपने क्लस्टरों में शत प्रतिशत टीकाकरण को लेकर किए जा रहें कार्यों से अवगत हुए।
मौके पर विभिन्न प्रखंडो में बेहतर प्रदर्शन करने वाले क्लस्टर के सदस्यों की सराहना करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि साप्ताहिक टीकाकरण कार्य में बेहतर तरीके से कार्य करने वाले सभी प्रखंडो के क्लस्टर में कार्यरत स्टार युथ फैसिलिटेटर, क्लस्टर कॉ-ऑर्डिनेटर एवं संगी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए उपायुक्त कार्यालय को अवगत कराएं।
उपायुक्त ने विभिन्न प्रखंडों में कार्यरत तेजस्वनी क्लब में कार्यरत मधुपुर प्रखंड क्लस्टर 8 की खुशबू कुमारी, देवघर प्रखंड क्लस्टर 15 की प्रिया कुमारी, जामुनी क्लब की सीसम देवी, मधुपुर प्रखंड क्लस्टर 6 की सरस्वती कुमारी, मधुपुर प्रखंड क्लस्टर 3 की अनिता मरांडी, सारवां प्रखंड क्लस्टर 2 की काजल वर्मा, सारवां प्रखंड के ब्लॉक कॉ-ऑर्डिनेटर प्रियांश गुंजन, सारवां प्रखंड क्लस्टर 2 की पूजा देवी, देवघर प्रखंड क्लस्टर 15 की प्रीति कुमारी, करौ प्रखंड क्लस्टर 2 की मोनिका कुमारी, करौ प्रखंड क्लस्टर 2 की तारा रानी, देवघर प्रखंड क्लस्टर 3 की डॉली कुमारी, करौं प्रखंड क्लस्टर 2 सरस्वती कुमारी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए अन्य प्रखंड के क्लस्टरों को इस दिशा में बेहतर कार्य करने का निर्देश दिया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि वर्तमान में टिकना है, तो टीका लें नारा को चरितार्थ करते हुए सबसे पहले सभी 834 क्लब के शेष बचे सदस्य एवं उनके परिजन जल्द से जल्द अपना टीकाकरण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने विभिन्न प्रखंडो के ब्लॉक कॉ-ऑर्डिनेटर, फील्ड कॉ-ऑर्डिनेटर, युथ फैसिलिटेटर क्लस्टर कॉ-ऑर्डिनेटर, संगी से बातचीत करते हुए उनके कार्य योजना और शत प्रतिशत टीकाकरण को लेकर किए जाने वाले कार्यों से सभी को अवगत कराया। उपायुक्त ने देवघर जिले के सभी प्रखंडों में कोविड जागरूकता, वैक्सीनेशन के अलावा बाल विवाह, दहेज प्रथा, कन्या भ्रूण हत्या से जुड़े बिंदुओ पर लगातार कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि योजना का लाभ किशोरी, बालिकाओं और युवतियों तक सुलभ तरीके से पहुंच सके।
उपायुक्त ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि बाल-विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत 18 साल से कम आयु की लड़की और 21 साल से कम आयु के लड़के का विवाह दंडनीय अपराध है। यह अपराध गैर जमानती है। उपायुक्त ने कहा कि लोगों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत जागरूक करने की महत्वपूर्ण भूमिका सभी सदस्यों की है। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के तहत कोई व्यक्ति बाल-विवाह करता है या इसको बढ़ावा देता है और या फिर बाल विवाह करवाने में सहायता करता हो तो उसकी जानकारी जिला प्रशासन या जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को दे, ताकि ऐसे लोगों को चिन्हित करते हुए आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा सके।
बैठक के दौरान उपायुक्त भजंत्री ने संबोधित करते हुए कहा कि तेजस्विनी योजना को सिर्फ एक परियोजना समझकर नहीं, बल्कि इसे मिशन मानकर कार्य करें, ताकि जिले की किशोरियों को हर स्तर से जागरूक और आत्मनिर्भर बनाया जा सके। उपायुक्त ने सभी प्रखंडो के कुल 100 क्लस्टरों को पूर्ण रूप से सक्रिय तरीक़े से कार्य कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। बैठक के दौरान बाल-विवाह, दहेज प्रथा, एनीमिया, कन्या भ्रूण हत्या, शौचालय के नियमित उपयोग और सामाजिक सशक्तीकरण के संबंध में विस्तृत चर्चा करते हुए उपायुक्त ने सभी सदस्यों से इस दिशा में जमीनी स्तर पर बेहतर तरीके से कार्य करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री द्वारा सभी को जागरूक करते हुए जानकारी दी गई कि टीकाकरण के अलावा मास्क, सामाजिक दूरी का अनुपालन और साफ-सफाई के प्रति दूसरों को प्रेरित करने का कार्य अवश्य करें, ताकि सही मायने में संक्रमण के प्रकोप को खत्म किया जा सके। इस दौरान वर्चुअल बैठक में जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी एबी रॉय, समाज कल्याण पदाधिकारी कनक तिर्की, तेजस्विनी परियोजना के सभी ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, जिला समन्वयक, युवा उत्प्रेरक, तेजस्वनी क्लब के सदस्य, क्लस्टर समन्वयक एवं तेजस्वनी परियोजना के 385 से अधिक सदस्य आदि उपस्थित थे।
![]()












Leave a Reply