प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। एकबार फिर बोकारो जिला के हद में गोमिया के एक सरकारी विद्यालय के शिक्षक की कारस्तानी से क्षेत्र शर्मसार हुआ हैं। इस बार उत्क्रमित मध्य विद्यालय के एक शिक्षक पर छात्रा के साथ अश्लीलता करने का आरोप लगा है। घटना को लेकर छात्रा के अभिभावक ने थाना में लिखित तहरीर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय में कार्यरत एक शिक्षक द्वारा गुरु-शिष्या के रिश्ते को शर्मसार करने का मामला 28 जुलाई को प्रकाश में आया है, जहां शिक्षक पर विद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा के साथ अश्लील भाषा का प्रयोग करने के साथ साथ छात्रा को ग़लत तरीके से छूने का आरोप लगाया गया है। जब इस घटना की जानकारी छात्रा ने अपने अभिभावक को दी, तो आक्रोशित होकर अभिभावक रहिवासियों को साथ लेकर विद्यालय पहुंचे और आरोपी शिक्षक पर कार्रवाई करने की मांग करने लगे।
घटना गोमिया प्रखंड के हद में उत्क्रमित मध्य विद्यालय मियांबांध में कार्यरत शिक्षक बजरंग प्रसाद साहु पर अश्लीलता का आरोप लगा हैं। विद्यालय में अध्यनरत छात्रा के अभिभावक ने आरोप लगाते हुए कहा है कि उक्त शिक्षक द्वारा उसके बच्ची के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए बैड टच किया जाता था। कहा कि ऐसे में उक्त शिक्षक को विद्यालय से बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए।
अभिभावक रहिवासियों के संग आरोपी शिक्षक पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर विद्यालय में हंगामा करने लगे। हंगामे के दौरान गुस्से में आकर आरोपी शिक्षक की जमकर पिटाई कर दी गयी। वहीं मामला संज्ञान में आते ही गोमिया थाना पुलिस ने आरोपी शिक्षक को पकड़कर थाना ले आई है।
अभिभावक ने आरोपी शिक्षक पर कार्यवाही करने की मांग को लेकर गोमिया थाना में लिखित तहरीर दिया है। इस संबंध में गोमिया थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि अभिभावक द्वारा दिये गए आवेदन पर मामला दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेजने का कार्य करेंगे। फिलहाल मामले पर अनुसंधान किया जा रहा है। वहीं आरोपी शिक्षक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
![]()













Leave a Reply