Advertisement

हस्त लदनी मजदूर संघ व् विस्थापित बेरोजगार समिति की एसडीओ के साथ वार्ता संपन्न

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में सीसीएल के कथारा वाशरी व् कोलियरी में हस्त लदनी कोयला मजदूर संघ तथा विस्थापित बेरोजगार समिति द्वारा संभावित चक्का जाम आंदोलन को लेकर 15 दिसंबर की संध्या बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुवा की अध्यक्षता में वार्ता की गई। वार्ता में कई मुद्दे को लेकर आपसी सहमति बनाने तथा कुछ अन्य मुद्दों को लेकर आगामी 19 दिसंबर को कथारा कोलियरी परियोजना पदाधिकारी कार्यालय में बैठक करने का निर्देश दिया गया।

अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय कक्ष तेनुघाट में आयोजित वार्ता में मुख्य रूप से सीसीएल कथारा क्षेत्र तथा कथारा वाशरी में हस्त लदनी कोयला मजदूरों को पूर्व की भांति निर्धारित दंगल के अनुसार मैन्युअल लोडिंग के तहत गाड़ी देने के अलावा विस्थापित बेरोजगारो को कोयला लदाई सहित ठेका कार्यों में सीधे तौर पर जोड़ने अथवा आउटसोर्सिंग कंपनी में नियोजन देने को लेकर वार्ता की गई थी।

इस बाबत पूछे जाने पर एसडीओ मुकेश मछुवा ने बताया कि विस्थापितो तथा हस्त लदनी कोयला मजदूर संघ द्वारा चक्का जाम आंदोलन को लेकर उक्त वार्ता बुलाई गई थी। उन्होंने कहा कि संपन्न वार्ता में विस्थापितो के देखरेख में मैन्युअल लोडिंग को लेकर स्थानीय प्रबंधन की सहमति के बाद एक निगरानी कमेटी गठन करने का निर्णय लिया गया। इसे लेकर आगामी 19 दिसंबर को कोलियरी तथा वाशरी प्रबंधन द्वारा एक बैठक कर नियमानुसार नियम निर्धारित करने पर सहमति बनी। कोयला क्षेत्र में भ्रष्टाचार को लेकर एसडीओ ने कहा कि यह जांच का विषय है, जांच के बाद दोषी पाए जाने पर अधिकारी हो या कर्मचारी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

एसडीओ के अनुसार उक्त आंदोलन का मूल कारण प्रभावित क्षेत्रों में बढ़ रहे बेरोजगारी तथा रोजगार की सुविधा न होने को बताया गया। बैठक में कथारा कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी रंजीत कुमार, प्रबंधन एचआर सुभाष चंद्र पासवान की उपस्थिति रही, जबकि कथारा वाशरी प्रबंधन द्वारा वार्ता में शामिल न होने के बाबत पूछे जाने पर एसडीओ ने अनभिज्ञता व्यक्त की गयी तथा आगामी 19 दिसंबर की बैठक में वाशरी पीओ को भी शामिल करने का निर्देश दिया गया।

वार्ता में मुख्य रूप से हस्त लदनी कोयला मजदूर संघ के संचालक अरुण कुमार सिंह, अध्यक्ष राजेश्वर रविदास, कार्यकारी अध्यक्ष नरेश यादव, कांग्रेसी नेता प्रमोद सिंह, झामुमो नेता इम्तियाज अंसारी, इकबाल अहमद, श्रमिक नेता बालेश्वर गोप, मथुरा सिंह यादव, पुर्व पंसस गोपाल यादव, ग्रामीण रहिवासी भुनेश्वर रजवार, रोहित यादव, उमेश यादव, राजेंद्र यादव, गोबिंद यादव के अलावा मणिलाल सिंह, ज्ञानेश्वर यादव, प्रदीप यादव, लाल यादव, विजय पटेल, राजेश यादव, शंकर करमाली, प्रकाश रविदास आदि सौ से अधिक हस्तलदनी मजदूर तथा विस्थापित युवा उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *