एस. पी. सक्सेना/बोकारो। शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के उन्नत भारत अभियान के तहत बोकारो जिला के हद में जारंगडीह स्थित के. बी. कॉलेज बेरमो द्वारा 24 फरवरी को सर्वेक्षण कार्य शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार अभियान के तहत के. बी. कॉलेज बेरमो द्वारा गोद लिए पांचों गांव में सामाजिक व आर्थिक सर्वेक्षण का कार्य हेतु वॉलंटियर्स को जवाबदेही देते हुए कॉलेज के प्रोफेसर इंचार्ज, कॉर्डिनेटर तथा सब कॉर्डिनेटर ने कॉलेज से रवाना किया।
बताया जाता है कि पांचों गोद लिए गांव में पांच पांच छात्र-छात्रा वॉलंटियर्स के रूप में जाकर मुखिया और पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से सर्वेक्षण का कार्य करेंगे। सर्वेक्षण कार्य के तहत ग्राम अध्ययन (विलेज स्टडी) और परिवार अध्ययन (हाउस होल्ड स्टडी) शामिल है। जो कृषि, जल प्रबंधन, बुनियादी सुविधाओं यथा शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका जैसे विषयों पर केंद्रित हैं।
जानकारी देते हुए प्रोफेसर इंचार्ज गोपाल प्रजापति ने बताया कि यह सर्वेक्षण कार्य स्थानीय ज्ञान और अकादमिक उत्कृष्टता के बीच एक सेतु का काम करेंगे। उन्नत भारत अभियान कॉर्डिनेटर डॉ अरुण कुमार रॉय महतो ने बताया कि अभियान के तहत सर्वे कार्य उच्च शिक्षण संस्थाओं द्वारा गोद लिए गांवों में विकास की चुनौतियों की पहचान करने, स्थानीय जरूरतों का आकलन करने व टिकाऊ समाधान जैसे तकनीकी हस्तक्षेप, स्वास्थ्य, कृषि आदि विकसित करने के लिए किया जाता है, जो ग्रामीण आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देता है।

अभियान के सब-कॉर्डिनेटर डॉ प्रभाकर कुमार ने कहा कि गोद लिए गांव में ग्राम सभा आयोजन के उपरांत आर्थिक एवं सामाजिक सर्वे का कार्य शुरू किया जा रहा है। कहा कि सर्वे द्वारा ग्रामीण विकास की आवश्यकताओं, संसाधनों व समस्याओं का डेटा एकत्र किया जाना है। एकत्र आंकड़ों के आधार पर ग्रामीण समस्याओं के प्रति उचित तकनीकी समाधान विकसित कर गांवों का विकास किया जाना है।
सर्वे कार्य हेतु वॉलंटियर्स में केबी कॉलेज के आयुष्मान झा, सुमीत कुमार सिंह, हरिश्चंद्र सिंह, सुरबाली कुमारी, रेशमा परवीन, अंतरा कुमारी, सोनी कुमारी, कौशल कुमार, कोमल कुमारी, मोहिनी कुमारी, नीतू कुमारी, सोनू कुमार शर्मा, ह्रितिका महतो आदि पांच पांच वॉलंटियर्स ग्रुप बनाकर पांचों गांव में सर्वे कार्य करने हेतु कॉलेज परिसर से रवाना हुए। मौके पर कॉलेज में उपरोक्त के अलावा डॉ अलीशा वंदना लकड़ा, सदन राम व् पांचों गांव के वॉलंटियर्स की उपस्थिति रही।
![]()













Leave a Reply