Advertisement

सड़क पर जल जमाव से आक्रोशित मुहल्लेवासी 23 को करेंगे नगर निगम का घेराव-सुरेंद्र

भीषण जलजमाव के कारण मुहल्लेवासियों का जीना मुहाल

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। नाला का गंदा पानी सड़क पर जमाव से परेशान समस्तीपुर जिला मुख्यालय के वार्ड 34 के विवेक-विहार मुहल्ला रहिवासी आगामी 23 अगस्त को नगर निगम कार्यालय पर हल्ला बोल प्रदर्शन करेंगे।

इस संबंध में विवेक-विहार मुहल्लावासियों की एक बैठक के बाद 16 अगस्त को मुहल्ला विकास समिति के सचिव सह भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कही। उन्होंने जिलाधिकारी, अनुमंडल अधिकारी, आयुक्त को स्मार पत्र सौंपकर आंदोलन की घोषणा की है।

माले नेता सिंह ने स्मार पत्र के माध्यम से कहा है कि विवेक-विहार मुहल्ला में नाला पर स्लैब काफी दूरी पर बनाया गया है। एक स्लैब से दूसरे का कहीं पर 22-25 फीट तो कहीं पर 40-50 फीट की दूरी है। इस वजह से नाले की सफाई असंभव है। मुहल्ले का नाला पूरी तरह कचरा, गंदगी से जाम है। जिसके कारण मुहल्लेवासियों का जीना मुहाल है। जगह-जगह सड़क, नाला एवं स्लैब टूटा हुआ है। कई बार टूटा-जलमग्न स्लैब में राहगीर गिरकर मरते-मरते बचे हैं।

नाला से निकलकर गंदा पानी सड़क में पिछले तीन-चार महीने से जमा है। इस वजह से मुहल्लावासियों एवं राहगीरों का आना-जाना भी मुश्किल है। पार्षद, आयुक्त, महापौर एवं उप महापौर से गुहार लगाना भी बेकार साबित हो रहा है। अंततः मुहल्लावासियों ने भाकपा माले के सहयोग से आगामी 23 अगस्त को 11 बजे से नगर निगम कार्यालय का घेराव कर हल्ला बोल प्रदर्शन करेंगे। माले नेता ने शहर वासियों से हल्ला बोल प्रदर्शन में भाग लेकर उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *