भीषण जलजमाव के कारण मुहल्ला में आने-जाने से कतराते हैं रहिवासी
एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। नाला का गंदा पानी सड़क पर जमा रहने से परेशान नगर वासियों ने समस्तीपुर नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नगर निगम के अधिकारीयों की लालफीताशाही से त्रस्त शहर के वार्ड 34 के विवेक-विहार मुहल्ला रहिवासियों ने आगामी 23 अगस्त को नगर निगम कार्यालय पर हल्ला बोल प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में विवेक-विहार मुहल्ला वासियों की एक बैठक के बाद मुहल्ला विकास समिति के सचिव सह भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने जिलाधिकारी, अनुमंडल अधिकारी, आयुक्त को स्मार पत्र सौंपकर आंदोलन की घोषणा की है।
माले नेता सिंह ने जारी स्मार पत्र के माध्यम से कहा है कि विवेक-विहार मुहल्ला में नाला पर स्लैब काफी दूरी पर बनाया गया है। एक स्लैब से दूसरे का कहीं पर 22-25 तो कहीं 40-50 फीट की दूरी है।

इस वजह से नाले की सफाई असंभव है। उन्होंने कहा कि ननि की उदासीन रवैया के कारण मुहल्ले का नाला पूरी तरह कचरा, गंदगी से जाम है। जगह-जगह सड़क, नाला एवं स्लैब टूट गया है। कई बार टूटा-जलमग्न स्लैब में राहगीर गिरकर मरते-मरते बचे हैं। नाला का गंदा पानी सड़क में पिछले तीन-चार महीने से जमा है। इस वजह से मुहल्लावासियों एवं राहगीरों का आना-जाना भी मुश्किल है। पार्षद, आयुक्त, महापौर एवं उपमहापौर से गुहार लगाना भी बेकार साबित हुआ है।
अंततः मुहल्लावासियों ने भाकपा माले के सहयोग से आगामी 23 अगस्त को नगर निगम कार्यालय का घेराव कर हल्ला बोल प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
माले नेता ने शहर वासियों से उक्त हल्ला बोल प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शहरवासियों के भाग लेकर उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
![]()













Leave a Reply