एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में अनपति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर फुसरो में 31 मई को बीते 26 मई से चलने वाले समर कैंप का समापन किया गया। जिसमें कक्षा अरुण से पंचम तक के लगभग 50 भैया बहन शामिल थे।
इस समर कैंप में भैया बहनों को विभिन्न प्रकार के खेल, हस्तकला, रंगोली, कराटे, नृत्य, चित्रकला, पेपर कटिंग से डिजाइन सहित विभिन्न प्रकार के गतिविधियों से ज्ञान वर्धन किया गया। समर कैंप में भैया बहनों ने ढेर सारा मनोरंजन किया। आनंद पूर्वक पांच दिन कब गुजर गए उन्हें पता ही नहीं चला। इस समर कैंप में समय का सदुपयोग किस प्रकार करना चाहिए, भैया बहनों ने बखूबी सीखने का काम किया।
समर कैंप विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज कुमार मिश्रा, सचिव अमित कुमार सिंह के दिशा निर्देश में संचालित था। इस कैंप के संबंध में प्रधानाचार्य एवं सचिव ने बताया कि इस प्रकार के कैंप के आयोजन से भैया बहनों के अंदर अलग प्रतिभा का निखार होता है।विद्यालय में बहुत सारे भैया बहन ऐसे होते हैं जिनके अंदर एक अलग प्रतिभा छिपी होती है। पठन-पाठन की व्यस्तता के कारण उसमें निखार नहीं आ पाता।
लेकिन इस गर्मी की छुट्टी में जहां भैया बहनों के पास पर्याप्त समय है, उनके अंदर से प्रतिभा को बाहर निकालना विद्यालय का दायित्व बनता है। जिससे भैया बहनों के साथ-साथ उनके परिवार और विद्यालय का नाम आने वाले समय में रौशन हो सके। कैंप को सफल बनाने में आचार्यों में नवल किशोर सिंह, श्रेया बरनवाल, मिशा कुमारी, मुस्कान कुमारी, निभा सिन्हा, अणिमा कुमारी, रवि मोदी, पूजा शर्मा, मीना देवी, श्वेता शर्मा, कर्मचारी बंधु भगिनी का विशेष सहयोग रहा।
![]()













Leave a Reply