रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। दुर्गा पूजा महोत्सव के मौके पर बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के बगदा में जय भवानी क्लब की ओर से राजा हरिश्चंद्र नाटक का भव्य मंचन किया गया। नाटक के हर पात्र को युवा कलाकारों ने जीवंत कर दिया। दमदार संवाद अदायगी और भावपूर्ण अभिनय से कलाकारों ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
प्रस्तुत नाटक राजा हरिश्चंद्र में समीर कुमार भट्टाचार्य (राजा हरिश्चंद्र), दीपराज (देवराज इंद्र), मिथिलेश पांडेय (देवमुनी नारद), संदीप चक्रवर्ती (गुरु श्रेष्ठ विश्वामित्र), सिद्धेश्वर प्रजापति (पुजारी), रोशन सिंह (श्रीहरि विष्णु), सुरेन्द्र प्रजापति (पुंडरीक), राकेश चक्रबर्ती (कोपिन्द्र), सागर स्वर्णकार (कालदेव), गणेश स्वर्णकार (रोहितास्व), भूषण महतो (राही), जय प्रकाश वर्मा (भिखारी), सृष्टिधर महतो (शव्या), कमल दास ने (चंचरी) का किरदार निभाया। उक्त नाटक का निर्देशन सुधीर स्वर्णकार ने किया। जबकि पार्श्व निर्देशक संजय कुमार सिंह थे। मंच साज-सज्जा का कार्य भूषण महतो ने संभाला। वहीं मंच संचालन मनोज कुमार कपरदार ने किया।

नाटक के मंचन के अवसर पर कसमार थाना प्रभारी भजनलाल महतो भी मौजूद थे। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयोजन की सराहना की। कहा कि राजा हरिश्चंद्र का यह नाट्य मंचन त्याग और सत्य के आदर्शों को जीवित रखने वाला है। पचहत्तर वर्षों से चली आ रही यह नाट्य परंपरा समाज को जोड़ने और संस्कृति को जीवंत रखने का काम कर रही है। नाटक को सफल बनाने में गोपाल सिंह, सिद्धेश्वर प्रजापति, समीर भट्टाचार्य, कृष्ण किशोर, किशोर कपरदार, नीरज भट्टाचार्य, सागर स्वर्णकार की अहम भूमिका रही।
![]()













Leave a Reply