अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल यार्ड में 5 फरवरी को सोनपुर रेल मंडल तथा 9वीं बटालियन एनडीआरएफ (बिहटा) के संयुक्त तत्वावधान में रेल दुर्घटना पर मॉक ड्रिल आयोजित किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य विभिन्न राहत एवं बचाव एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करना था, ताकि वास्तविक दुर्घटना की स्थिति में त्वरित गति से राहत पहुंचाई जा सके और किसी प्रकार की कठिनाई न उत्पन्न हो।
जानकारी के अनुसार संयुक्त मॉक ड्रिल में एक काल्पनिक यात्री ट्रेन दुर्घटना का परिदृश्य बनाया गया। रेलवे द्वारा कृत्रिम दुर्घटना का दृश्य तैयार कर उक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। बताया जाता है कि सायरन बजते ही रेलवे के बचाव एवं राहत दल ने तत्काल कार्यवाही शुरू की। तत्पश्चात रेलवे कंट्रोल रूम द्वारा एनडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेलवे दल के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया।
इस संयुक्त मॉक ड्रिल में एक काल्पनिक यात्री ट्रेन दुर्घटना का परिदृश्य बनाया गया, जिसमें 6 रेल यात्री मामूली रूप से घायल, 4 यात्री गंभीर रूप से घायल, 2 यात्री मृत का काल्पनिक दृश्य घोषित किए गए तथा 12 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद गंतव्य के लिए भेजा गया। रेलवे एवं एनडीआरएफ की टीम ने अत्याधुनिक उपकरणों की सहायता से क्षतिग्रस्त कोच को काटकर घायलों एवं मृतकों को बाहर निकाला और उन्हें तत्काल अस्पताल भेजा।
इस अभियान में जिला प्रशासन, राज्य सरकार के सिविल डिफेंस, आरपी.एफ, स्काउट एवं गाइड की टीमों ने भी सक्रिय सहयोग किया। दुर्घटना स्थल पर सोनपुर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक सुमन कुमार तांती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मंडल यांत्रिक अभियंता (टी.एस.), सहायक वाणिज्य प्रबंधक, सहायक विद्युत अभियंता, सहायक सुरक्षा आयुक्त, डीएसपी सहित एनडीआरएफ के उप कमांडेंट अश्वनी कुमार एवं निरीक्षक के नेतृत्व में पूरी टीम मौजूद रही। मॉक ड्रिल का संचालन वरीय मंडल संरक्षा अधिकारी वीर पाल सिंह द्वारा किया गया।
![]()













Leave a Reply