Advertisement

रेल मंडल पुस्तकालय में पुस्तक समीक्षा प्रतियोगिता का सफल आयोजन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में 28 जनवरी को सारण जिला के हद में मंडल पुस्तकालय सोनपुर में पुस्तक समीक्षा प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।

इस प्रतियोगिता का उद्देश्य रेलवे कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों में पठन-पाठन की आदत को बढ़ावा देना, साहित्यिक रुचि विकसित करना तथा रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करना था।

प्रतियोगिता में विभिन्न प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा चयनित पुस्तकों पर अपनी-अपनी समीक्षाएं प्रस्तुत की। सभी प्रविष्टियों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा किया गया, जिसमें मंडल सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन (एसएंडटी) विभाग के वरिष्ठ अधिकारी निर्णायक के रूप में उपस्थित रहे।

परिणामस्वरूप प्रथम स्थान रेशमा कुमारी (सहायक, यांत्रिक विभाग), द्वितीय स्थान पवन कुमार (लिपिक, वाणिज्य विभाग) एवं मुकेश कुमार (वरि.अनुभाग इंजीनियर) विद्युत विभाग तथा तृतीय स्थान नीरज कुमार शर्मा (सहायक, विद्युत/टीआर डी विभाग) एवं सुजीत कुमार प्रसाद ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया।

समापन अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने इस प्रकार की साहित्यिक गतिविधियों को कर्मचारियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित किए जाने की बात कही।
यह आयोजन सोनपुर रेल मंडल में ज्ञानवर्धन, रचनात्मकता एवं सकारात्मक कार्य-संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल सिद्ध हुआ।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *