Advertisement

सोनपुर स्टेशन की दुकानों का सफल ई-नीलामी द्वारा आवंटन

रेलवे को मिलेगा ₹88.89 लाख का नॉन-फेयर राजस्व

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल स्थित सोनपुर रेलवे स्टेशन तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर वाणिज्यिक दुकानों के आवंटन से रेलवे को ₹88.89 लाख का नॉन-फेयर राजस्व प्राप्त होगा।

जानकारी के अनुसार सोनपुर में पिछले 2 अगस्त एवं 5 अगस्त को ई-नीलामी प्रक्रिया आयोजित की गई। इस प्रक्रिया के अंतर्गत विभिन्न स्थानों की दुकानों एवं स्टॉलों का पारदर्शी एवं प्रतिस्पर्धी तरीके से आवंटन किया गया। इस क्रम में सोनपुर स्टेशन के एप्रोच रोड पर स्थित दुकानों की ई-नीलामी में कुल 365 में से 35 दुकानों का सफलतापूर्वक आवंटन किया गया।

इस प्रक्रिया से रेलवे को प्रति वर्ष ₹5,56,409 का राजस्व प्राप्त होगा, जिससे तीन वर्षों में कुल ₹16,69,227 की आय सुनिश्चित की गई है। यह पहल रेलवे की आयवर्धन नीति के तहत नॉन-फेयर रेवेन्‍यू (एनएफआर) बढ़ाने की दिशा में एक सशक्त कदम है। इसके अतिरिक्त 5 अगस्त को सोनपुर रेल मंडल के खगड़िया स्टेशन के माल गोदाम चौक, कन्हौली एफओबी के समीप एवं सोनपुर स्टेशन परिसर में स्थित एनएफआर स्टॉलों एवं दुकानों की ई-नीलामी की गई।

इस प्रक्रिया में उत्तम बोलीदाताओं के पक्ष में तीन वर्षों के लिए आवंटन किया गया, जिससे रेलवे को प्रति वर्ष ₹24,06,706 का राजस्व तथा तीन वर्षों में ₹72,20,118 की कुल राशि प्राप्ति का अनुमान है। इस प्रकार, दोनों चरणों की ई-नीलामी से कुल अनुमानित नॉन-फेयर राजस्व ₹88,89,345 होगा, जो रेल मंडल की वाणिज्यिक नीति एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली की सफलता को दर्शाता है।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रौशन कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि रेलवे की परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग कर राजस्व वृद्धि के लिए की गई यह पहल मंडल की वाणिज्यिक उपलब्धियों का उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि रेल यात्रियों को सुविधा देने के साथ-साथ रेलवे परिसरों में व्यवस्थित वाणिज्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के प्रयास भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। रेल प्रशासन द्वारा शेष दुकानों के लिए आगामी चरणों में पुनः ई-नीलामी आयोजित की जायेगी, जिससे समस्त परिसंपत्तियों का श्रेष्ठतम उपयोग सुनिश्चित किया जा सके और रेलवे के राजस्व में और वृद्धि हो सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *