एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में परमवीर अब्दुल हमीद स्मृति भवन संडे बाजार में शोषित मुक्ति वाहिनी और ज्ञान दीप अभियान ट्रस्ट के तत्वावधान में देश के वीर सपूत शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहादत दिवस पर बीते 23 मार्च को भव्य महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर संघर्षशील माताओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने पति के देहांत के बाद विपरीत परिस्थितियों में अपने बच्चों को शिक्षित कर समाज में एक मिसाल पेश की। सम्मानित महिलाओं में रोहिणी देवी, राधा देवी, डोली देवी, मुन्नी देवी, नूनी बाला देवी, कुंती देवी, अंजु देवी, रौशन आरा व् जुबेदा बेगम शामिल थी।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद-ए-आजम भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर की गई। सम्मानित महिलाओं को ज्ञान दीप ट्रस्ट की छात्राओं द्वारा पुष्प गुच्छ प्रदान किया गया तथा अतिथियों द्वारा अंग वस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। विशेष रूप से रौशन आरा की संघर्षपूर्ण जीवन यात्रा को सुनकर पूरा हॉल खड़ा होकर उनका सम्मान करता नजर आया। उन्होंने पति की मृत्यु के बाद अपने बच्चों को शिक्षित करने हेतु अथक परिश्रम किया और जब उनके जवान बेटे की किडनी खराब हो गई, तो उन्होंने अपनी एक किडनी दान कर बेटे को जीवनदान दिया।
इस अवसर पर कार्यक्रम को दामोदर बचाओ अभियान के गुलाब प्रजापति, यूनाइटेड मिल्ली फोरम झारखंड प्रदेश महासचिव अफजल अनीस, सीटू के प्रदेश सचिव विजय भोईं, पंच सूत्र की आरती चंद्रा, शिक्षिका मुसर्रत जहां, शोमुवा के अध्यक्ष श्याम मुंडा, अविनाश सिन्हा व् शोमुवा संरक्षक सुबोध सिंह पवार ने संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान ज्ञान दीप अभियान ट्रस्ट में कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त कर चुके छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए एवं नए सत्र में प्रवेश हेतु नामांकन-पत्र भी वितरित किए गए। मौके पर राजू ताँती ने ज्ञान दीप अभियान ट्रस्ट को एक प्रिंटर मशीन भेंट की, जबकि बेरमो कोल्डफील्ड यूनियन ने अपने वेलफेयर मद से दो कंप्यूटर दान किए, जिससे गरीब छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा में सहायता मिलेगी। वीरेंद्र पासवान और सुकुमारण ने पुस्तकालय के लिए किताबें दान की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला परिषद सदस्य चिंता देवी तथा संचालन संयुक्त रूप से ज्ञान दीप अभियान ट्रस्ट की शिक्षिका काजल कुमारी, तन्नू कुमारी तथा शोमुवा के सलाहकार जयनाथ ताँती ने किया। स्वागत मुन्ना सिंह ने किया व् धन्यवाद ज्ञापन मिन्हाज मंजर ने किया।
इस अवसर पर स्थानीय मुखिया पति मुन्ना सिंह, संजय सिंह, शोमुवा के प्रदीप कुमार, सरोज मास्टर, विचित्रा सोनार, रतन निषाद, लखन तुरी, गुलबास अंसारी, संतोष दिगार, राकेश नायक, अविनाश सिन्हा, शिबू चक्रवर्ती, मो. फ़राज सहित दर्जनों गणमान्य उपस्थित थे।
56 total views, 56 views today