Advertisement

डीजीपी द्वारा किया गया शहीद सिपाही अमिता बच्चन के प्रतिमा का अनावरण

प्रहरी संवाददाता/हाजीपुर (वैशाली)। वैशाली जिला के हद में सराय थाने के नवनिर्मित भवन परिसर में वैशाली जिला पुलिस बल के वीर शहीद सिपाही अमिता बच्चन की अमर स्मृति को नमन करते हुए 17 दिसंबर को उनकी प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। प्रतिमा का अनावरण बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार द्वारा किया गया।

इस गरिमामय अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक, तिरहुत क्षेत्र जयंत कांत के अलावा ज़िले के वरीय पुलिस पदाधिकारी, स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। विदित हो कि बीते वर्ष 2023 के 16 अक्टूबर को पूर्व सराय बाजार में बैंक लुटेरों के साथ मुठभेड़ में सराय थाने पर तैनात सिपाही अमिता बच्चन शहीद हो गए थे।

मूर्ति अनावरण के उपरांत डीजीपी द्वारा शहीद अमिता बच्चन की धर्मपत्नी कोमल कुमारी को बिहार पुलिस में सिपाही पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले जांबाज पुलिसकर्मियों के प्रति गहरा सम्मान एवं श्रद्धांजलि अर्पित किया। साथ ही आमजनों से पुलिस के प्रति सम्मान, सहयोग एवं विश्वास बनाए रखने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सराय थानाध्यक्ष मणिभूषण कुमार द्वारा की गई। मौके पर उपस्थित शीतल भकुरहर पंचायत की मुखिया अलका देवी के साथ ही स्थानीय समाज सेवियों ने आरक्षी महानिदेशक और आरक्षी उप महानिदेशक का स्वागत किया। आरक्षी उप महानिदेशक तिरहुत क्षेत्र (मुजफ्फरपुर) जयंत कांत एवं उनकी धर्मपत्नी स्मृति पासवान द्वारा मुखिया अलका देवी को सम्मानित किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *