Advertisement

हरिहरनाथ मंदिर में 19 अगस्त से श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित श्रीराधा कृष्ण मंदिर के तत्वाधान में बड़ी धूम -धाम से संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का विराट आयोजन किया जा रहा है। इसकी तिथि भी घोषित कर दी गई है।

बीते वर्ष की भांति इस वर्ष भी बाबा हरिहरनाथ मंदिर के प्रांगण में ज्ञान यज्ञ होगा। इसके लिए वृन्दावन के सुप्रसिद्ध कथा वाचक सुमंत शास्त्री कन्हैया जी महाराज का आगमन हो रहा है।

आगामी 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव-पुजारी

बाबा हरिहरनाथ मंदिर के सटे पूर्व स्थित राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी पंडित सतीश बाबा ने 30 जुलाई को बताया कि आगामी 16 अगस्त शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया जायेगा। उन्होंने बताया कि संध्याकालीन बेला में उसी दिन सन स्टार जागरण मंडली की भजन प्रस्तुति होगी। वहीं आगामी 19 अगस्त को सुबह आठ बजे से संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन तथा कलश यात्रा निकलेगा। उसके बाद 19 अगस्त से 25 अगस्त तक संध्या 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा आयोजित किया जायेगा।

मंदिर में हैं राधा-कृष्ण का विग्रह स्थापित

राधा-कृष्ण मंदिर के पुजारी ने बताया कि यह मंदिर अति प्राचीन है। हाल हीं में इसका जीर्णोद्धार किया गया है जिसके कारण इस मंदिर का सौंदर्य बढ़ गया है। यहां नित्य आरती होती है। कहा कि जो भक्त बाबा हरिहरनाथ, हनुमान जी का दर्शन करने एवं आरती में शामिल होने आते हैं, वे राधा कृष्ण मंदिर की आरती में भी नित्य शामिल होते हैं। मंदिर परिसर में उत्तर तरफ झूले पर लड्डू गोपाल की मनमोहक मूर्ति बरबस भक्तों को अपनी ओर आकर्षित कर ले रही है।

राधा-कृष्ण मंदिर के पुजारी सतीश बाबा ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण परिपूर्णतम ब्रह्म है और राधा माता उनकी महामाया शक्ति। उन्होंने कहा कि यहां भक्ति भाव से आनेवाले भक्तों को राधा कृष्ण की आध्यात्मिक शिक्षाएं अमूल्य शिक्षा प्रदान करती हैं, जो प्रेम और भक्ति की परिवर्तनकारी शक्ति पर जोर देती हैं। उनका रिश्ता दर्शाता है कि कैसे नि:स्वार्थ प्रेम आध्यात्मिक जागृति की ओर ले जा सकता है, जिससे अनुयायियों को अहंकार छोड़ने और विनम्रता अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *