महायज्ञ में हजारों नर-नारियों ने की यज्ञ मंडप की परिक्रमा
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में हरिहरक्षेत्र सोनपुर के साधु- गाछी स्थित श्रीगजेन्द्रमोक्ष देवस्थानम् दिव्य देश (नौलखा मन्दिर) में 8 फरवरी को छह दिवसीय श्रीब्रह्मोत्सव सह श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इससे पूर्व विधि विधान के साथ यज्ञ में ध्वजारोहण एवं अर्णि मंथन कार्य संपन्न कराया गया। मौके पर हजारों श्रद्धालुओं ने यज्ञ मंडप की परिक्रमा की। भगवान श्रीगजेन्द्र मोक्ष की जय जयकार से सम्पूर्ण वातावरण गूंज उठा।
सर्वप्रथम प्रातःकालीन बेला में वैदिक अनुष्ठानोपरांत गरुड़-ध्वज का आह्वान कर गरुड़-स्तंभ पर आरोहण किया गया। तत्पश्चात भगवान श्रीबालाजी वेंकटेश्वर, श्रीदेवी, भूदेवी को गर्भ गृह से अभिषेक कर वस्त्र-आभूषण से अलंकृत कर रथ पर नाच-गान करते श्रद्धालुओं के साथ-साथ दिव्य विथि-भ्रमण कराया गया।
इस अवसर पर देवस्थान पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी लक्ष्मणाचार्य महाराज जी ने बताया कि ब्रह्मोत्सव में भगवान पांच दिन तक सुबह और रात इसी तरह विथि-भ्रमण में रथा-रूढ़ होकर दर्शन देते हैं।
उधर यज्ञ-स्थल में वैदिक मन्त्रोंच्चार से आचार्यों द्वारा अर्णि-मंथन से निराकार ब्रह्म अग्नि देवता का साकार रूप में प्राकट्य कराया गया और यज्ञाहुति प्रारम्भ किया गया। हजारों भक्त महिलाओं ने यज्ञारंभ होते हीं यज्ञ-मंडप की श्रद्धापूर्वक परिक्रमा की। सायंकाल में ज्ञान-मंच पर दीप प्रज्वलित किया गया। साथ हीं प्रवचन और भजन-गायन का भी आयोजन किया गया।
24 total views, 24 views today