Advertisement

अवैध हथियार फैक्ट्री व शराब फैक्ट्री में की गई छापेमारी को ले एसपी की प्रेस वार्ता

बगल में बबुआ और शहर में ढिंढोरा का झूठ क्या है? कहीं मिलीभगत तो नहीं

एस. पी. सक्सेना/एन. के. सिंह/ बोकारो। एक कहावत है कि बगल में बबुआ और शहर में ढिंढोरा। यह कहावत यहां सटीक बैठता है कि जिस अवैध हथियार फैक्ट्री तथा अवैध शराब फैक्ट्री की भनक स्थानीय थाना को नहीं मिल सका, वह जानकारी बंगाल व् झारखंड एंटी टेरर एसक्वायड (एटीएस) कैसे हासिल कर लेती है। कहीं इसमें कहीं झोल तो नहीं। इसका बीते 19 जून की संध्या बोकारो जिला के हद में बेरमो थाना के सहायक गांधीनगर थाना क्षेत्र के जरिडीह बाजार कलाली मार्ग पर किए गये दो मैरेज हॉल में की गयी छापेमारी में बरामद बड़े पैमाने पर अवैध अर्ध निर्मित हथियार, नकली बियर की बरामदगी से बल मिलता है।

जानकारी के अनुसार गांधीनगर थाना क्षेत्र के जरीडीह बाजार के कलाली रोड स्थित कावेरी मैरेज पैलेस एवं उसके सामने स्थित गोदाम से भारी मात्रा में अवैध हथियार बनाने के फैक्ट्री का उद्भेदन मामले को लेकर बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने गांधीनगर थाना में 20 जून को प्रेस वार्ता कर बरामद सामग्री की जानकारी देते हुए अपने विभाग की पीठ थपथपायी है।

एसपी सिंह ने बताया कि बीते 19 जून की शाम कोलकाता एटीएस, रांची एटीएस, बेरमो थाना एवं गांधीनगर थाना के संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध हथियार निर्माण गन फैक्ट्री सहित हथियार निर्माण समग्री बरामद किया है। उक्त मैरेज हॉल व गोदाम सूरज साव का बताया जाता है। बताया कि बहुत दिनों से उक्त काम मैरेज हॉल के आड़ में इलाके में चल रहा था। यहां इस दौरान नामी इंग्लिश ब्रांड ऑफिसर च्वाइस का रैपर और ढक्कन के अलावे (गॉडफादर बीयर की पचास पेटी बरामद कर थाना लाया गया था, लेकिन) जारी प्रेस विज्ञप्ति में चालीस पेटी बीयर होने की बात दर्शायी गई है, (बाकी दस पेटी कहां गई।) साथ ही एक लाख नगद बरामद की गई थी। उन्होंने बताया कि यहां अवैध शराब निर्माण भी किया जाता था, जो कि भारी मात्रा में छापामारी के दौरान बरामद हुआ है।

बोकारो एसपी ने कहा कि अवैध हथियार निर्माण के बाद बंगाल होते बांग्लादेश भेजा जाता था। उक्त गण फैक्ट्री बहुत दिनों से चल रहा था। कोलकाता एटीएस को पूर्व से जानकारी मिल रहा था की यहां गण फैक्ट्री संचालित हो रहा है। बताया कि पिछले दिनों धनबाद के महुदा से भी कोलकाता एटीएस की सूचना पर एक गण फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया था। वहीं एसपी ने माना कि गांधीनगर थाना क्षेत्र में इतने बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध हथियार निर्माण की जानकारी नहीं मिल सकी।

पुलिस अपने सूचना तंत्र को और मजबूत करने का काम करेगी। कहा कि काफी रिमोट इलाके में यह धंधा बैंक्विट हॉल के आड़ में चल रहा था। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेकर इस पर जांच करेगी और इसके पीछे के नेटवर्क को उजागर करने का काम करेंगे। पुलिस के अनुसार छापेमारी में पिस्टल बनाने वाला लेथ मशीन एवं अन्य कुल तीन बड़े उपकरण, अर्ध निर्मित बना हुआ 6 पीस पिस्टल, आरोपी सुरज साव के गोदाम से ₹ एक लाख नगद, (पांच सौ की एक गड्डी), अर्धनिर्मित पिस्टल का 6 पीस खुला स्लाइडर, पिस्टल का 9 पीस बॉडी ढांचा, स्लाइड बैरल बनानेवाला 13 पीस प्लेट, पिस्टल बनानेवाला 3 पीस सक्रेप प्लेट, ड्रिलचक, ग्रुब्स बनानेवाला मशीन, मार्किंग स्केल, जीरोइंग मशीन, पाइप रींग, हेक्सा ब्लेड, छोटा स्केल, ग्रेडर मशीन, चांद स्केल, ड्रिलबीट, हॉल कटर, टिप्सी केन बियर 40 कार्टून, मैरेज हॉल के पहले तल से अवैध रूप से टिप्सी केन बियर बनाने स्टीकर, रेपर ढक्कन एवं अन्य सामग्री जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार छापेमारी में दो आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है, जिसमें बिहार के मुंगेर जिला के हद में क़ासिम बाजार थाना क्षेत्र के हेरु दियारा रहिवासी स्व. योगेंद्र प्रसाद यादव के 52 वर्षीय पुत्र प्रवीण कुमार तथा बिहार के खगड़िया जिला के हद में डोगरी जमालपुर थाना क्षेत्र के बड़ी मलिया रहिवासी विजय प्रसाद के 28 वर्षीय पुत्र केशव कुमार शामिल है। वही मुख्य सरगना सूरज साव भागने में सफल रहा है।

छापामारी में बेरमो थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक रोहित कुमार सिंह, सहायक थाना गांधीनगर के प्रभारी धनंजय कुमार सिंह, एटीएस रांची के पुलिस अवर निरीक्षक गुलशन कुमार, एटीएस पुअनि सुदीप पांडेय, एटीएस पुअनि संजय दास, बेरमो थाना के पुअनि मो. शाहिद अंसारी, पुअनि अरुण कुमार, गांधीनगर थाना के सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार क्षेत्री, सअनि अरबिंद साह, एटीएस कोलकाता, रांची की टीम व् बेरमो तथा गांधीनगर थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे।

बताया जाता है कि पुलिस ने अवैध निर्माण स्थल से कुल छह संदिग्धो को थाना लेकर गयी थी, जिसमें उपरोक्त आरोपियों के अलावा पेटरवार थाना क्षेत्र के खेतको रहिवासी शमशुल, अबुल हुसैन, मो. आबिद तथा मो. शाहिद अंसारी शामिल था। परिजनों के अनुसार शमशुल, अबुल तथा आबिद उक्त मैरेज हॉल में टायल्स लगाने का काम कर रहा था, जबकि शाहिद टायल्स वाहन चालक था। परिजनों के अनुसार पुलिस द्वारा उपरोक्त चारो को छोड़ दिए जाने का आश्वासन दिया गया है।
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गये आरोपी प्रवीण कुमार का बिहार के मुंगेर तथा कदमकुआ थाना में आपराधिक रिकार्ड दर्ज है।

बताया गया कि मुंगेर थाना में कांड क्रमांक-191/05 धारा 25(1-ब), 26(1-अअ) एवं 35 शस्त्र अधिनियम, कांड क्रमांक-77/14 धारा 25(1-ब), 25(1-अअ), 26(वन)(टू) एवं 35 शस्त्र अधिनियम, कांड क्रमांक-318/19 धारा 25(1-अ), 25(1-अअ), 26(वन)(टू), 26/35 शस्त्र अधिनियम, कांड क्रमांक-90/21 धारा 25(1-ब) अ, 25(1-अअ), 26(2), 35 शस्त्र अधिनियम, कांड क्रमांक-105/21 धारा 147, 148, 149, 341, 323, 504, 506, 307, 354, 427, 385 तथा 379 भारतीय दंड संहिता व् कदम कुआं थाना कांड क्रमांक-861/06 धारा 25(1-ब), 26/35 शस्त्र अधिनियम, 3/4 विस्फोट पदार्थ अधिनियम दर्ज है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *