गॉल स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 304 रनों से हराकर करारी मात दी। भारत ने मेजबान टीम के सामने चौथी पारी में 550 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे श्रीलंकाई टीम हासिल नहीं कर पाई और चौथे दिन ही 245 के स्कोर पर ऑल आउट हो गई। इसी के साथ भारत ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है।
भारत ने मैन ऑफ द मैच शिखर धवन (190), चेतेश्वर पुजारा (153), अजिंक्य रहाणे (57), हार्दिक पांड्या (50) की बेहतरीन पारियों के दम पर अपनी पहली पारी में 600 रन बनाए थे, जिसके जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 291 रनों पर सिमट गई थी।
भारत ने पहली पारी के आधार पर 309 रनों की बढ़त ले ली थी। इसके बाद भारतीय टीम ने मैच के चौथे दिन शनिवार को पहले सत्र में अपनी दूसरी पारी 240 के स्कोर पर घोषित करते हुए मेजबान टीम को चौथी पारी में 550 रनों की विशाल चुनौती प्रदान की थी। दूसरी पारी में भारतीय कप्तान विराट कोहली ने नाबाद 103 और अभिनव मुकुंद ने 81 रनों की पारी खेली।
चौथी पारी में विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी मेजबान टीम भारतीय गेंदबाजों के आगे दो सत्र भी नहीं टिक पाई। श्रीलंका के लिए दिमुथ करुणारत्ने ने सर्वाधिक 97 और निरोशन डिकवेला ने 67 रनों का पारियां खेलीं। श्रीलंका की तरफ से नौ बल्लेबाज ही बल्लेबाजी करने उतरे, क्योंकि असेला गुणारत्ने चोटिल होने के कारण टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं, वहीं कप्तान रंगना हेराथ भी चोट के कारण बल्लेबाजी करने नहीं उतरे।
![]()













Leave a Reply