Advertisement

खेल से विकसित होती है अनुशासन, टीमवर्क व् नेतृत्व क्षमता-संजय जायसवाल

दिल्ली कैपिटल चैंपियनशिप में मुख्य अतिथि रहे खैराचातर के संजय जायसवाल

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। खेल केवल शारीरिक मजबूती तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के भीतर अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी सशक्त बनाता है।

उक्त बातें बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर रहिवासी भूतपूर्व सरपंच सुरेश कुमार जायसवाल के पुत्र संजय कुमार जायसवाल ने नई दिल्ली में आयोजित दिल्ली कैपिटल चैंपियनशिप 2026 के पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि कही।
जायसवाल को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का मुख्य अतिथि बनाए जाने को क्षेत्र के लिए गौरव की बात माना जा रहा है। प्रतियोगिता में उन्होंने टॉस उछालकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली कैपिटल चैंपियनशिप का आयोजन पिछले चार वर्षों से लगातार किया जा रहा है। यह टूर्नामेंट देश की राजधानी दिल्ली के खेल प्रेमियों के बीच अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। प्रतियोगिता का आयोजन दिल्ली कैपिटल चैंपियनशिप कमेटी के तत्वावधान में किया गया।
फाइनल मुकाबला विक्टोरियस इलेवन और वॉरियर्स इलेवन के बीच खेला गया, जिसमें वॉरियर्स इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए वॉरियर्स इलेवन ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 214 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विक्टोरियस इलेवन की टीम 15.1 ओवर में 154 रन पर सिमट गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बलजीत को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि प्रभावशाली गेंदबाजी के लिए शुभम को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज घोषित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि संजय जायसवाल के साथ आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव जैन और विशिष्ट अतिथि साहिल पासरिचा ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान समिति के सचिव गणेश पालीवाल ने कमेंट्री के साथ धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव जैन, उपाध्यक्ष रति गर्ग और मुख्य सचिव गणेश पालीवाल के नेतृत्व में प्रतियोगिता का सफल संचालन हुआ। समापन के अवसर पर आयोजन समिति ने मुख्य अतिथि, खिलाड़ियों, अतिथियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को और अधिक व्यापक और भव्य रूप देने का संकल्प लिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *