सभी प्रखंडों में हुआ टीकाकरण कार्य,45 प्लस नागरिकों को दिया गया टीका
एस.पी.सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला (Bokaro district) में टीकाकरण कार्य में गति लाने एवं ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने प्रत्येक सप्ताह के शुक्रवार, शनिवार एवं रविवार को विशेष सप्ताहांत गहन टीकाकरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में 6 जून को तीसरे और आखिरी दिन भी जिले में विशेष सप्ताहांत गहन टीकाकरण अभियान का संचालन किया गया।
बोकारो जिला उपायुक्त राजेश सिंह के निर्देश पर जिला मुख्यालय समेत सभी प्रखंडों क्रमश: बेरमो, चंदनकियारी, चास, गोमियां, जरीडिह, कसमार, नवाडीह, पेटरवार एवं चंद्रपुरा में अभियान के तहत टीकाकरण किया गया। जिसमें 45 प्लस उम्र के लोगों को टीका लगाया गया। साथ ही उन्हें कोविड 19 अनुकुल व्यवहार का आगे भी पालन करने को कहा गया।
इस अवसर पर उपायुक्त सिंह ने अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों को कोविड टीकाकरण के लिए आम लोगों को जागरूक करने को कहा। उन्होंने कहा कि अगले हफ्ते 11 जून से फिर विशेष सप्ताहांत गहन टीकाकरण अभियान पुनः तीन दिनों तक चलेगा। इस सप्ताह जहां जो कमी रह गई, उसे दुरूस्त करते हुए पूरे उर्जा के साथ हमें अगले हफ्ते टीकाकरण अभियान को गति देनी है। लोगों को विशेषकर ग्रामीण/विस्थापित क्षेत्र एवं दूर-दराज के लोगों को बताएं कि टीकाकरण ही कोरोना संक्रमण से बचाव का एक मात्र उपाए है। इसलिए टीकाकरण अभियान में हिस्सा लें और अपने और अपने परिवार को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित करें। इस कार्य में अभी से सभी को जुटने का उन्होंने निर्देश दिया। उन्होंने प्रथम विशेष सप्ताहांत गहन टीकाकरण अभियान के सफल संचालन को लेकर इससे संबंधित सभी अधिकारियों को बधाई दी।
विशेष सप्ताहांत कोविड 19 गहन टीकाकरण अभियान के सफल संचालन में प्रखंड व जिला स्तरीय अधिकारियों ने पूरी टीम के तरह काम किया। प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी जिले से विभिन्न प्रखंडों के लिए प्रतिनियुक्त वरीय अधिकारियों ने अभियान के संचालन और इसके उद्देश्य को पूरा करने के लिए लगातार जुटे रहे। समय-समय पर मार्ग दर्शन देकर अभियान के प्रदर्शन में सुधार लाया। उल्लेखनीय हो कि उपायुक्त राजेश सिंह ने निम्न अधिकारियों को अभियान का नोडल पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किया था। जिसमें उप विकास आयुक्त जय किशोर प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी चास शशि प्रकाश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो तेनुघाट अनंत कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी छवि बारला, अपर समाहर्ता सादात अनवर, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा रविशंकर मिश्रा, आवासीय दंडाधिकारी मनीषा वत्स, जिला परिवहन पदाधिकारी संजीव कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक सुमन एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता जेम्स सुरीन शामिल थे।
![]()












Leave a Reply