Advertisement

स्वच्छता ही सेवा के तहत डालमिया सीमेंट में चला विशेष स्वच्छता अभियान

आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों- कर्मचारियों की रही सक्रिय भागीदारी

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त सह अध्यक्ष जिला गंगा समिति के निर्देश पर 29 अक्टूबर को नमामि गंगे योजनांतर्गत स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड बोकारो इकाई में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन – जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को सशक्त बनाना था।

जानकारी के अनुसार स्वच्छता कार्यक्रम की शुरुआत कंपनी परिसर में स्वच्छता शपथ के साथ की गयी, जिसमें कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने सामूहिक रूप से परिसर में स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके पश्चात स्वच्छता अभियान के तहत पूरे औद्योगिक क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान सड़कों, परिसर और आस-पास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई तथा प्लास्टिक कचरे के संग्रहण और निस्तारण का कार्य किया गया। कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस अवसर पर कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह हर नागरिक का कर्तव्य है। कहा गया कि स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है।

उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने कार्यस्थल एवं आस-पास के क्षेत्रों को हमेशा स्वच्छ रखें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उक्त अभियान में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता रैली, शपथ ग्रहण, जागरूकता संबोधन और सामूहिक सफाई अभियान जैसी कई गतिविधियां आयोजित की गईं।

बोकारो जिला प्रशासन की ओर से जिला परियोजना पदाधिकारी नमामि गंगे प्रीतम राज एवं यूनिसेफ, बोकारो अभिषेक ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और उपस्थित जनों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया। वहीं प्लांट की ओर से यूनिट हेड सुनील कुमार, के. भुसारी, एचआर मैनेजर अमित सिंह, सुरक्षा प्रमुख सुधीर कुमार सिंह, इन्फ्रास्ट्रक्चर हेड राकेश कुमार सिंह, डीबीएफ टीम के धनंजय कुमार एवं मथुरा प्रसाद उपस्थित रहे। अभियान के समापन पर प्रतिभागियों ने संदेश दिया कि स्वच्छता ही सेवा है और सेवा ही सच्चा देश प्रेम है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *