Advertisement

आयुष्मान कार्ड बनाने के लिये पंचायतों में 26 से 28 मई तक विशेष अभियान

जिलाधिकारी ने अन्तर्विभागीय समन्वय को लेकर पदाधिकारियों के साथ की बैठक

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी ने 26 मई जिला समाहरणालय सभा कक्ष में अन्तर्विभागीय समन्वय को लेकर पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक में जिलाधिकारी अमन समीर ने आयुष्मान कार्ड बनाने के लिये पंचायतों में 26 से 28 मई तक चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पात्र का कार्ड बनवाने के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश दिया।

बैठक में कहा गया कि सभी टैग किये गए कर्मी प्रातः 7 बजे से फील्ड में जाकर पात्र का आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए अपेक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। नीलाम पत्र वादों के निष्पादन में तेजी लाने के लिए सभी संबंधित नीलाम पत्र पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया।नीलाम पत्र वादों की सुनवाई के क्रम में निर्गत बॉडी वारंट की थानावार सूची तैयार कर संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी को हस्तगत कराने को कहा गया।

बैठक में न्यायालय में संचालित मामलों में समय से तथ्य विवरणी दाखिल करने का निर्देश सभी संबंधित पदाधिकारी को दिया गया। डॉ अम्बेडकर समग्र सेवा अभियान के तहत महादलित टोलों में लगाए जा रहे विशेष शिविर में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया। विकास मित्रों द्वारा विकास रजिस्टर में दर्ज की गई योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए अपेक्षित कार्रवाई का निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

बैठक में उपविकास आयुक्त यतेन्द्र कुमार पाल, अपर समाहर्त्ता मुकेश कुमार, नगर आयुक्त छपरा सुनील कुमार पांडेय, बंदोबस्त पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमण्डल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी जुड़े थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *