सरकारी भूमि की विवरणी चयनित कंसल्टेंट को उपलब्ध कराने का निर्देश
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी अमन समीर की अध्यक्षता में 18 जून को जिला के हद में सोनपुर आयोजना प्राधिकार कार्यालय में आयोजना क्षेत्र प्राधिकार की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान आयोजना क्षेत्र के और अधिक विस्तार किए जाने के परिप्रेक्ष्य में अंचलाधिकारी सोनपुर, दिघवारा, दरियापुर, परसा एवं गड़खा को अगले दो दिनों के अंदर अपने -अपने क्षेत्रांतर्गत सभी सरकारी भूमि की पूर्ण विवरणी तथा कार्यपालक अभियंता लोक स्वास्थ्य प्रमंडल को जलापूर्ति योजना, ट्यूबवेल, चापाकल से संबंधित पूर्ण विवरणी एवं कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्त्ति प्रमंडल, छपरा पूर्वी को आपूर्त्ति नेटवर्क तथा डिमांड आपूर्त्ति से संबंधित समस्त विवरणी चयनित कंसल्टेंट को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
साथ ही कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल सोनपुर एवं सभी संबंधित अंचलाधिकारियों को सोनपुर आयोजना क्षेत्र को विकसित करने के लिए सोनपुर, दिघवारा, दरियापुर, परसा एवं गड़खा में आंतरिक पथों को कम से कम 6 लेन करने के लिए कार्य योजना तैयार कर सुव्यवस्थित स्थलों का चयन कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सोनपुर एवं सभी संबंधित अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत खाली स्थलों को सुरक्षित रखने के परिप्रेक्ष्य में सभी खाली स्थलों पर किसी भी प्रकार की संरचना का निर्माण बिना अनुमति के नहीं होने पाए। इसकी नियमित रूप से निगरानी करना सुनिश्चित करेंगे।
जिलाधिकारी समीर ने संबंधित कंसल्टेंट को निर्देश दिया कि सोनपुर आयोजना क्षेत्र के पांचवे चरण के लिए क्षेत्र को मल्टी मॉडल प्लेस के रूप विकसित करने के परिप्रेक्ष्य में कोचिंग हब निर्माण, हवाई अड्डा तक 6 लेन या 8 लेन पहुंच पथ निर्माण, गंडक पथ वे निर्माण तथा अन्य बड़ी बड़ी संरचनाओं के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर निर्माणाधीन ड्राफ्ट में अंकित कर जिलाधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में सोनपुर के अनुमंडल पदाधिकारी स्निग्धा नेहा, भूमि सुधार उप समाहर्त्ता रश्मि कुमारी छपरा सदर, कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल सोनपुर कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत सोनपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, सोनपुर, दिघवारा, दरियापुर, परसा, गड़खा एवं चयनित कंसल्टेंट तथा उनकी पूरी टीम उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply