Advertisement

दुर्गा सप्तशती के श्लोकों से गुंजायमान हो रहा है सोनपुर

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सभी प्रखंडो में स्थापित दुर्गा पंडाल में 30 सितंबर को श्रद्धालुओं द्वारा देवी दुर्गा के आठवें स्वरूप महागौरी की पूजा की गयी। इस दौरान पूजा पंडालों से या देवी सर्वभूतेषु देवी रूपेण संस्थिता मंत्र का उद्घोष होता रहा।

जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय छपरा सदर प्रखंड सहित दिघवारा, बनियापुर, मशरख, तरैया, अमनौर, मकेर, परसा, दरियापुर रिवीलगंज, दाउदपुर, एकमा तथा सोनपुर प्रखंड सभी जगह दुर्गा पंडालों में भक्तों की भारी भीड़ द्वारा कलश पूजन, पुष्पांजलि, संध्या आरती के साथ माँ जगदंबा की पूजा की गयी।

बताया जाता है कि भक्तगण प्रातः से लेकर सायं तक विभिन्न पंडालों में मां के दिव्य रूपों का दर्शन करते रहे। शक्ति स्वरूपा देवी दुर्गा की स्तुति, मंत्रोच्चारण और भजन- संगीत तो कहीं या देवी सर्वभूतेषु देवी रूपेण संस्थिता तो कहीं शक्ति रूपेण तो कहीं भक्ति रूपेण संस्थिता से पूरा वातावरण गुंजायमान हो रहा है। रंग-बिरंगे परिधानों से सजे संवरे चेहरों खासकर युवा वर्गो पर दुर्गा पूजा देखने का उल्लास है। देवी स्थानों एवं पूजा -पंडालों में रंग -बिरंगे बल्बों की जगमगाहट आकर्षण का केंद्र बन गया है।

इस क्रम में जिला के हद में सोनपुर के देवी शक्ति के मंदिरों में भी पूरे विधि -विधान के साथ पूजा- अर्चना की जा रही है। देवी की आरती एवं श्रृंगार दर्शन के समय भी ॐ देवी महागौर्यै नमः और सर्वमंगल मांगल्ये शिवे सर्वार्थसाधिके शरण्ये त्र्यम्बके गौरी नारायणी नमोस्तुते मंत्रों का जाप चलता रहा।

सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर में स्थापित माता पार्वती तथा महिषासुरमर्दिनी दुर्गा, काली, काली घाट पर दक्षिणेश्वरी काली, आप रुपी गौरीशंकर मंदिर, उमा महेश्वर मंदिर, सबलपुर स्थित दुर्गा मंदिर, राहर दियारा चौक स्थित माता दुखहरनी दुर्गा माता मंदिर सहित विभिन्न देवी मंदिरों में मातृशक्ति महागौरी की पूजा की गयी है। सोनपुर स्टेशन गेट, बरबट्टा रेलवे कॉलोनी, गोला बाजार पूर्व और पश्चिम, शहीद महेश्वर चौक, रजिस्ट्री बाजार, सोनपुर आदम सहित विभिन्न पूजा -पंडालों में पूजा अर्चना जारी थी।

इस बावत बाबा हरिहरनाथ के मुख्य अर्चक आचार्य सुशीलचंद्र शास्त्री बताते हैं कि मां महागौरी की पूजा करने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है और मानसिक शांति की प्राप्ति होती है। इसके साथ ही मन-मस्तिष्क में एकाग्रता आती है। रुकावटों या बाधाओं से मुक्ति मिलती है। उन्होंने कहा कि माता का प्रिय रंग सफेद है। मां महागौरी की पूजा करने से सभी नौ देवियां प्रसन्न होती हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *