अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पिछले 22 मई से 5 जून तक विभिन्न प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों की एक सशक्त श्रृंखला आयोजित की गई। इस अभियान का समापन 5 जून को सोनपुर में एक भव्य कार्यक्रम के साथ हो गया। नेतृत्व मंडल रेल प्रबंधक विवेक भूषण सूद ने किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक सूद ने स्काउट्स एवं गाइड्स की प्रभात फेरी (रैली) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली रेलवे कार्यालय परिसर से प्रारंभ होकर रेलवे स्टेडियम होते रेलवे अधिकारी क्लब सोनपुर तक आयोजित की गई। रैली का उद्देश्य स्वच्छता, हरियाली तथा पर्यावरणीय जिम्मेदारी के प्रति आमजन को जागरूक करना रहा। स्कूली छात्रों ने पोस्टरों, नारों और उत्साहपूर्वक भागीदारी के माध्यम से जनमानस को पर्यावरण संरक्षण का स्पष्ट संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया, जिसमें रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्काउट्स- गाइड्स ने भाग लेते हुए हरियाली को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
मंडल रेल प्रबंधक सूद ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि भारतीय रेलवे द्वारा सौर ऊर्जा, ऊर्जा दक्षता, जल संरक्षण एवं अपशिष्ट प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे रेलवे को और अधिक पर्यावरण अनुकूल (इको-फ्रेंडली) बनाया जा सके।
मौके पर पर्यावरण विषयक निबंध, चित्रकला व स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली बच्चों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही, सफाई कर्मियों को जूट बैग भेंट कर उनके सतत योगदान की सराहना की गई।

इस दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा जागरूकता रैली निकाली गयी और वृक्षारोपण कार्यक्रम किया गया। साथ ही स्कूली बच्चों की सहभागिता एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति भी सराहनीय रही। पर्यावरण प्रतियोगिताएं व पुरस्कार वितरण भी किया गया। साथ ही सफाई कर्मियों का सम्मान भी किया गया। संपूर्ण आयोजन ने न केवल पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराया, बल्कि सोनपुर मंडल के प्रत्येक स्तर पर हरित सोच को प्रोत्साहित किया।
![]()













Leave a Reply