Advertisement

पुराने गंडक पुल के सोनपुर साइड सड़क किनारे का रेलिंग क्षतिग्रस्त

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित गंडक नदी पर बने पुराने पुल के सोनपुर साइड में सड़क के उत्तरी किनारे का रेलिंग जर्जर व क्षतिग्रस्त हो चुका है। रेलिंग में लगे दर्जनों पाइप चोरी कर लिए गए हैं और कुछ जंग लगने से सड़ कर टूट गए हैं। इसकी मरम्मती की ओर विभाग का ध्यान अब तक नहीं गया है।

ध्यान देने योग्य है कि, जैसे ही आप सोनपुर स्थित गज ग्राह चौक से वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर जाने के लिए पुराने गंडक पुल मार्ग पर आगे बढ़ेंगे, तो बाएं तरफ आपको यह बदसूरत नजारा देखने को मिलेगा। इस साइड में रेलिंग को आधार प्रदान करनेवाले कुल 151 सीमेंट के पीलर हैं, जिनमें पाइप लगाया गया है। इन 151 पिलरों में लगभग 140 पूर्णतः क्षतिग्रस्त हो गया हैं। उनमें दरारें पड़ चुकी हैं। पाइप गायब कर दिए जाने से रेलिंग का स्वरुप बदरंग और सौन्दर्यविहीन हो चुका है। जो सुरक्षा के लिए भी खतरा बन गया है।

उक्त रेलिंग के पिलरों को देखेंगे तो स्पष्ट नजर आयेगा कि चोरों ने पाइप की चोरी करने के लिए जो प्रयास किया उसके कारण पिलरों में बड़ी बड़ी दरारें आ गई है। पहले रेलवे द्वारा यहां लोहे के रेलिंग लगाए गए थे, जिन्हें काटकर चोरों ने चोरी कर ली थी। इसके स्थान पर पुनः रेलिंग का निर्माण किया गया, वह भी पूर्णतः क्षतिग्रस्त अवस्था में पहुंच गया है।

बताया जाता है कि रेलिंग के क्षतिग्रस्त होने से सोनपुर मेला, श्रावणी मेला या अन्य त्योहारों के भीड़ भाड़ के दौरान पॉकेटमार या छिनतई करने वाले आसानी से निकल भागने में सफल हो सकते हैं। कह सकते हैं कि क्षतिग्रस्त रेलिंग आम यात्रियों व नागरिकों के लिए खतरा बन गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *