Advertisement

जनता दरबार में सोनाराम मांझी का पेंशन ऑन स्पॉट स्वीकृत

उपायुक्त के जनता दरबार में ग्रामीण व् शहरी क्षेत्र के फरियादियों ने रखी अपनी बात

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त द्वारा 29 अगस्त को जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में उपस्थित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र से आये फरियादियों ने अपनी समस्या रखी।

जानकारी के अनुसार समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित उपायुक्त के जनता दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से रहिवासी उपस्थित हुए। जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों की गंभीरता से सुनवाई की गई तथा कई मामलों में मौके पर ही निर्णय लेकर आवेदकों को राहत प्रदान की गई। इसी क्रम में जिला के हद में चंदनकियारी प्रखंड के तेतुलिया रहिवासी सोनाराम मांझी, जो लंबे समय से पेंशन स्वीकृति की प्रतीक्षा कर रहे थे, का मामला उठते ही जिला उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर संबंधित शाखा द्वारा तत्काल ऑन स्पॉट पेंशन स्वीकृत किया गया। इससे मांझी के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।

उपायुक्त झा ने जनता दरबार के दौरान अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि प्राप्त सभी शिकायतों का निवारण शीघ्र किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, बीडीओ/सीओ को जन शिकायत कोषांग द्वारा जारी पत्र प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर कोषांग को लिखित जवाब समर्पित करना सुनिश्चित करने को कहा। स्पष्ट कहा कि अनावश्यक विलंब अथवा टालमटोल की प्रवृत्ति को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जनता दरबार के दौरान बीसीसीएल से संबंधित अनुसूचित जाति (एससी) समाज द्वारा किए गए शिकायत पर सुनवाई के क्रम में उपायुक्त ने विशेष रूप से उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि अनुसूचित जाति, पिछड़े वर्गों एवं वंचित समुदायों से संबंधित शिकायतों के निपटारे में गंभीरता और संवेदनशीलता बरतें। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों को प्राथमिकता सूची में रखा जाएं।

जनता दरबार में भूमि अतिक्रमण, विद्युत प्रमंडल, वन प्रमंडल, भूमि पर कब्जा, पिंड्राजोरा थाना, शिक्षा विभाग, सहकारिता विभाग, राजस्व संबंधित विवाद, अंचल कार्यालय चास/पेटरवार, बीएसएल, अबुआ आवास/पीएम आवास, सामाजिक सुरक्षा आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर मेनका, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा पियुष, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *