जिले में 61.41 प्रतिशत मतदाताओं ने किया मतदान-डीईओ सह डीसी
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। छठे चरण के लोकसभा चुनाव के तहत मतदान अवधि समाप्ति के बाद 25 मई की संध्या बोकारो जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त (डीसी) विजया जाधव ने शांतिपूर्ण संपन्न हुए मतदान की जानकारी दी।
मौके पर निर्वाची पदाधिकारी सह एसी मो. मुमताज अंसारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी साकेत कुमार पांडेय, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य उपस्थित थे।
मौके पर बोकारो जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने बताया कि बोकारो जिला के हद में गोमिया विधानसभा क्षेत्र में 67.62 प्रतिशत, बेरमो विधानसभा क्षेत्र में 63.69 प्रतिशत, बोकारो विधानसभा क्षेत्र में 52.07 प्रतिशत एवं चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र में 71.41 प्रतिशत मतदाता ने मतदान में भाग लिया।

उन्होंने बताया कि बोकारो जिले में कुल मतदान प्रतिशत अपराह्न 05 बजे तक 61.41 फीसदी रहा। वहीं, गिरिडीह संसदीय क्षेत्र का मतदान प्रतिशत अपराह्न 05 बजे तक 64.75 फीसदी रहा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने बताया कि सबों के सहयोग और समन्वय से स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त माहौल में चुनाव संपन्न हुआ। जिले में कहीं से भी किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। ईवीएम-वीवीपैट मार्कपोल के दौरान 21 बैलेट यूनिट, 04 कंट्रोल यूनिट एवं 15 वीवीपैट मशीनों को बदला गया था।
वहीं, चुनाव शुरू होने के बाद 14 बैलेट यूनिट, 7 कंट्रोल यूनिट एवं 31 वीवीपैट को बदला गया। मतदान के लिए सुबह से ही मतदाताओं की कतार लगनी शुरू हो गई थी। जिले के महिला, बुजुर्ग, युवा, पीडब्ल्यूडी एवं फर्स्ट टाइम मतदाताओं में काफी उत्साह देखा गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने बताया कि इस दौरान पूरी टीम तथा वे स्वयं लगातार वेब-कास्टिंग के माध्यम से सभी मतदान केंद्रों पर नजर बनाएं हुए रही। पूरे दिन सेक्टर पदाधिकारी- पीठासीन पदाधिकारी को दिशा- निर्देश दिया। अपराह्न 05 बजे के बाद भी कई मतदान केंद्रों पर मतदान जारी था। आयोग के दिशा -निर्देशानुसार मतदान कराया जा रहा था। उन्होंने मीडिया कर्मियों के प्रति भी आभार प्रकट किया।
दिव्यांग तथा वयोवृद्ध ने भी की मतदान
बताया जाता है कि बोकारो जिला के हद में गोमियां विधानसभा क्षेत्र के कन्या प्राथमिक विद्यालय स्वांग वन बी स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 71 में 22 वर्षीय दिव्यांग सुराज कुमार ने बीएलओ के सहयोग से मतदान किया। जबकि, राजकीयकृत मध्य विद्यालय हजारी स्थित मतदान केंद्र 87 में वयोवृद्ध श्याम नारायण ने भी व्हील चेयर के माध्यम से मतदान केंद्र में जाकर मतदान में भाग लिया।
यहां दो मतदान केंद्र क्रमशः 86 एवं 87 स्थापित किया गया था। जहां सुरक्षा व्यवस्था नाममात्र का देखा गया। उक्त मतदान केंद्र पर उपस्थित सुरक्षा अधिकारी झपकी लेते देखे गये।
डीसी-एसपी व् अन्य पदाधिकारियों ने किया मतदान
बोकारो के जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) सह उपायुक्त (डीसी) विजया जाधव, पुलिस अधीक्षक (एसपी) पूज्य प्रकाश एवं अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी ने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। डीसी सह डीईओ व एसपी ने कैम्प टू स्थित अंकुर पब्लिक स्कूल मतदान केंद्र संख्या 317 व 319 में मतदान किया।
वहीं, डीडीसी संदीप कुमार एवं एसी मो. मुमताज अंसारी ने सेंट जेवियर पब्लिक स्कूल सेक्टर-1/C में अपना मतदान किया। इधर, डीईओ सह डीसी एवं एसपी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। साथ हीं कतार में लगे मतदाताओं से संवाद किया। पीठासीन पदाधिकारियों से भी मतदान की जानकारी ली।
![]()













Leave a Reply