Advertisement

नहीं रहे सिंहपुर के चर्चित नगाड़ा वादक नरेश महतो

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार थाना क्षेत्र के सिंहपुर रहिवासी चर्चित नगाड़ा वादक एवं जागो जगाओ सांस्कृतिक कला मंच के सक्रिय सदस्य नरेश महतो का बीते 18 सितंबर की देर रात निधन हो गया। दूसरे दिन 19 सितंबर की सुबह सिंहपुर से सटे स्थानीय श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

ज्ञात हो कि, दिवंगत नरेश महतो एक प्रसिद्ध नगाड़ा वादक उस्ताद थे। उन्होंने झारखंड की राजधानी रांची समेत देश की राजधानी दिल्ली, पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता, केरल समेत देश के कई प्रमुख शहरों में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के बड़े बड़े आयोजनों में झूमर दल के साथ नगाड़ा बजाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया था।

बताया जाता है कि बीते 18 सितंबर की शाम तक वे बिल्कुल स्वस्थ थे। इस दौरान शाम को जब वे गांव में ही एक पड़ोसी के घर के बाहर बैठे थे तभी अचानक मूर्छित होकर गिर गए। आनन फानन में उन्हें एम्बुलेंस से कसमार सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर मिलते ही सिंहपुर समेत आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दूसरे दिन सुबह उनके आवास पर उनके अंतिम दर्शन के लिए सैकड़ों रहिवासियों की भीड़ जुट गई।

उनके निधन पर सांस्कृतिक संस्था जागो जगाओ लोक कला मंच के निदेशक बिनोद कुमार महतो, अध्यक्ष अशोक कुमार महतो, कार्यकारिणी सचिव राजेश कुमार मुर्मू, कोषाध्यक्ष संदीप कुमार महतो, बलराम महतो, काशी नाथ महतो, हरि महतो, बैजनाथ महतो, हबीब नाज व दर्जनों कलाकारों समेत गणमान्य जनों ने शोक व्यक्त किया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *