Advertisement

महापर्व छठ को लेकर गुवा के छठ घाटों की घेराबंदी शुरू

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। लोक आस्था का महापर्व छठ की तैयारी पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में गुवा में पूरे जोरों पर है।

जानकारी के अनुसार इस अवसर पर 25 अक्टूबर को क्षेत्र के छठ व्रतियों और उनके परिवारजनों ने कुसुम घाट समेत अन्य छठ घाटों की घेराबंदी कर सफाई अभियान शुरू कर दिया है। श्रद्धालुओं ने पत्थर रखकर छठ करने के लिए स्थान निर्धारित किए और घाटों की स्वच्छता सुनिश्चित की, ताकि व्रतियों को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

छठ पर्व को लेकर गुवा क्षेत्र के समाजसेवियों की ओर से घाटों और सड़कों पर लाइट की व्यवस्था की जा रही है, जिससे शाम और सुबह अर्घ्य के समय पर्याप्त रोशनी बनी रहे। बताया जाता है कि 26 अक्टूबर की शाम 7 बजे खरना पूजा के बाद रहिवासी प्रसाद स्वरूप खीर-पूरी ग्रहण करेंगे। वहीं 27 अक्टूबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि 28 अक्टूबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ पर्व का समापन होगा।

ज्ञात हो कि जिला के हद में गुवा बाजार में छठ पर्व की रौनक दिखाई दे रही है। फलों की दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, ताकि छठव्रती महिलाएं पूजा के लिए फल खरीद सके। वहीं आटा चक्कियों में भी विशेष साफ-सफाई कर केवल छठ पूजा हेतु गेहूं की पिसाई की जा रही है।
क्षेत्र के समाजसेवियों द्वारा 26 अक्टूबर को क्षेत्र की सड़कों पर झाड़ू लगाने और पानी का छिड़काव करने की योजना बनाई गई है, जिससे वातावरण स्वच्छ और भक्तिमय बना रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *