भक्तिमय माहौल में यज्ञ स्थल पर उमड़े सैकड़ो श्रद्धालुगण
एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में बेरमो प्रखंड क्षेत्र के जारंगडीह स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय श्रीरामचरित मानस नवाह पारायण महायज्ञ का श्रद्धा व् भक्ति भाव से समापन हो गया।
बताया जाता है कि बीते 9 मार्च से 17 मार्च तक आयोजित यज्ञ के 10वें दिन 18 मार्च को पुरोहित अमित पांडेय द्वारा महायज्ञ में विधि विधान व मंत्रोच्चारण कर हवन के साथ व पूर्णाहुति कराया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं एवं भक्तों ने कार्यक्रम में भाग लेकर भगवान श्रीराम के दरबार में मत्था टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति गीतों, मंत्रोच्चार और राम नाम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
बीते दस दिनों से महायज्ञ के आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना व रामचरित मानस पाठ का श्रवण करने पहुंचे। श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा भाव से भाग लेते हुए यज्ञ में आहुति दी तथा क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
यज्ञ कार्यक्रम का संचालन समिति के सचिव बसंत ओझा और जोगेंद्र सोनार, लखन चौहान, वासुदेव मंडल, अंजनी सिंह के नेतृत्व में किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा यज्ञ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई थी। इसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र कि महिला, पुरुष, युवक, युवती सहित कई गणमान्य व् स्थानीय श्रद्धालु शामिल हुए।
इस अवसर पर यज्ञ पुरोहित अमित पांडेय ने कहा कि श्रीराम चरित मानस यज्ञ का हवन करने से घर में सुख समृद्धि और शांति आती है। रोगों का नाश होता है और स्वास्थ अच्छा रहता है। धन धान्य की प्राप्ति होती है और परिवार में खुशियां आती है। उन्होंने कहा कि हवन से निकलने वाले शुद्ध धुएं से वातावरण शुद्ध होता है और हानिकारक जीवाणु नष्ट होते हैं। मानसिक शांति मिलती है और सकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव बढ़ता है।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि महायज्ञ के 10वां दिन समापन पुर्व परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा हवन किया गया। इससे पुर्व यज्ञ के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, रामचरित मानस पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेकर पुण्य के भागी बने। इस धार्मिक आयोजन से पूरे क्षेत्र में आस्था और आध्यात्मिकता का माहौल बना हुआ है। सभी महिला श्रद्धालुओं और भक्तों ने हवन में पूर्णाहुति के बाद कन्या तथा ब्राह्मण को भोजन करवाया।
इस अवसर पर बसंत ओझा व जोगेन्दर सोनार ने बताया कि बीते 67 वर्ष से जारंगडीह मे प्रतिवर्ष यज्ञ का आयोजन हो रहा है। कहा कि वृंदावन मथुरा से आई महिला प्रवक्ता डॉ प्रज्ञा भारती, अयोध्या धाम से अशोक दास महाराज तथा आचार्य शुभम कुमार उपाध्याय द्वारा श्रीराम कथा तथा प्रवचन 9 दिनों तक किया गया। साथ ही अयोध्या धाम से आए मधुरेशजी महाराज द्वारा नित्य राम चरित मानस पाठ किया गया।
![]()













Leave a Reply