Advertisement

गुवा थाना परिसर में भव्य कलश यात्रा के साथ शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा

रुद्र यज्ञ भगवान शिव के रुद्र रूप की पूजा का वैदिक अनुष्ठान-नीतीश कुमार

प्रहरी संवाददाता/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में गुवा थाना परिसर में स्थापित भगवान शिव मंदिर में एक मार्च को श्रद्धा और भक्ति के माहौल में भगवान शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा एवं रुद्र यज्ञ का आयोजन किया गया। गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार विशेष रूप यजमान के रूप में मंत्रोच्चारण यज कर भगवान शिव लिंग को गणेश भगवान माता लक्ष्मी एवं सृष्टि निर्माता ब्रांह्मा एवं नन्दी की मूर्ति के साथ प्रतिष्ठित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल भक्ति भाव के साथ भव्य कलश यात्रा से किया गया। इस दौरान 108 कुंवारी कन्याओं ने कारों नदी से विधिवत जल भरकर कलश यात्रा निकाली। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित कन्याएं जब हर हर महादेव के जयघोष के साथ थाना परिसर पहुंचीं तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में मुख्य पंडित सह आचार्य संजीव मिश्रा (जहानाबाद, बिहार) की अध्यक्षता में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा कार्य संपन्न कराई गई। अनुष्ठान में बीएन पाठक (नालंदा, बिहार), विकास मिश्रा (बिहटा, पटना), राहुल पाठक, पंकज मिश्रा तथा डीएवी गुवा के धर्म शिक्षक आशुतोष शास्त्री ने रुद्र यज्ञ एवं रुद्राभिषेक कराया।

मौके पर गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने कहा कि रुद्र यज्ञ भगवान शिव के रुद्र रूप की पूजा का सबसे शक्तिशाली वैदिक अनुष्ठान है, जो मुख्य रूप से सभी पापों के नाश, असाध्य रोगों से मुक्ति, अकाल मृत्यु के भय को दूर करने और परिवार में सुख-शांति व समृद्धि लाने के लिए किया जाता है। यह श्री रुद्रम’ (यजुर्वेद) का पाठ और अभिषेक है, जो नकारात्मक ऊर्जाओं को दूर कर जीवन में सफलता और सकारात्मकता लाता है।

पूरे विधि-विधान से भगवान शिव का अभिषेक कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई। इस अवसर पर थाना प्रभारी ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की खुशहाली की भगवान शंकर से प्रार्थना की। यज्ञ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और बारी-बारी से जलाभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं समाजसेवी शत्रुघ्न मिश्रा भी रुद्राभिषेक में शामिल हुए। उन्होंने सभी आमंत्रित पुरोहितों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। आयोजन के उपरांत महाभोग के रूप में खिचड़ी एवं खीर का वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस कर्मियों एवं आयोजन समिति का सराहनीय योगदान रहा। मौके डीएवी पब्लिक स्कूल गुआ की प्राचार्य माधुरी पांडेय सपरिवार खासतौर से उपस्थित थी। आगन्तुक अथिथियों में संदीप गुप्ता, एसके पांडेय, संगीता पांडेय, दिव्याश पांडेय, प्रीति पांडेय, पूर्ववित पांडेय, सौव्या पांडेय व अन्य कई श्रद्धालूजन उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *