Advertisement

समस्याओं से रू-ब-रू हुए वरीय अधिकारी

ऑन स्पॉट दर्जनों मामलों की सुनवाई, वरीय अधिकारियों ने दिया निर्देश

एस.पी.सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिले (Bokaro district) के सभी प्रखंडों के विभिन्न पंचायतों, नगर निगम/नगर परिषद क्षेत्र में 29 नवंबर को आपके अधिकार-आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जहां जिला स्तरीय पदाधिकारियों के अलावा संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारियों की अगुवाई में ऑन स्पाट दर्जनों मामलों का निष्पादन कर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया।

कार्यक्रम का आयोजन चास प्रखंड के सिजुआ, चंदनकियारी प्रखंड के चंदनकियारी पुर्वी पंचायत, गोमियां प्रखंड के खम्हरा पंचायत, बेरमो प्रखंड के जारंगडीह दक्षिणी पंचायत, नावाडीह प्रखंड के गोनियाटो पंचायत, चंद्रपुरा प्रखंड के तुरियो पंचायत, पेटरवार प्रखंड के अंगवाली उत्तरी पंचायत, चास नगर निगम के वार्ड क्रमांक नौ, नगर परिषद फुसरो के वार्ड क्रमांक नौ में किया गया।

चंदनकियारी प्रखंड के चंदनकियारी पुर्वी पंचायत में उप विकास आयुक्त जय किशोर प्रसाद ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन व आम नागरिकों के बीच किसी प्रकार की दूरी नहीं रहे।

सरकार (Government) की योजनाओं का लाभ सीधे जनता को मिले। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में आपकी समस्याओं का समाधान करने का ऑन द स्पॉट प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभी प्रखंड स्तरीय अधिकारी व बीडीओ को ऑन द स्पॉट जनता की समस्या का निदान करने को कहा।

इस अवसर पर सभी प्रखंडों में जिला स्तरीय नोडल (वरीय) पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी और परिसंपत्ति का वितरण किया। पदाधिकारियों ने पंचायत परिसर में लगे सभी स्टॉल का भी निरीक्षण किया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के बीच क्रमवार जिला स्तरीय, बीडीओ/सीओ एवं प्रखंड स्तरीय अन्य अधिकारियों ने समस्या सुनी। मौके पर विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। लाभुकों के बीच कंबल भी वितरित किया गया।

आपके अधिकार-आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में जेएसएलपीएस, मनरेगा, खाद्य आपूर्ति, सेवा की गारंटी, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल एवं स्वच्छता, कृषि, गव्य एवं पशुपालन आदि विभागों से संबंधित सैकड़ों आवेदन प्राप्त किये गए। जिन्हें क्रमवार आहर्ता अनुरूप निष्पादित किए जाएंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *