सेक्टर अधिकारियों व सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण संपन्न
चुनाव सर्वाधिक महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्य-डॉ कुमार आशीष
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। प्रतिनियुक्ति के साथ सेक्टर ऑफिसर सीधे चुनाव आयोग के अधीन हो जाते हैं। उनका कार्य निर्वाचन प्रक्रिया में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनका दायित्व सबसे पहले शुरु होकर अंत तक रहता है।
उक्त बातें सारण के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी अमन समीर ने 13 अगस्त को कही। उन्होंने सारण जिला मुख्यालय छपरा के भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में आयोजित सेक्टर अधिकारियों व सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों के प्रथम प्रशिक्षण में उक्त बाते कही। उन्होंने कहा कि सेक्टर पदाधिकारी चुनाव की धुरी हैं।
क्षेत्र में आप ही प्रशासन की आंख और कान हैं। जिलाधिकारी समीर ने कहा कि सबसे पहले आपको वलनरेबल क्षेत्र और क्रिटिकल बूथ की पहचान करनी है। इसके लिए उन्होंने विभिन्न मापदंड को विस्तार से बताया। कहा कि आपके पास आवंटित किए गए बूथों का नजरी नक्शा, रूट चार्ट और कम्युनिकेशन प्लान होना चाहिए। मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर भौतिक सत्यापन करें। इस दौरान एएमएफ और पहुंच पथ आदि की रिपोर्ट पूरी करें।
इलाके का भ्रमण करते हुए आसूचना एकत्र कर भेद्यता मानचित्रण करें और प्रदान किए गए फॉर्मेट में स्पष्ट रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इसके आधार पर ही कार्रवाई होती है और अर्द्ध सैनिक व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाती है।
उन्होंने कहा कि आपसे यह अपेक्षा की जाती है कि आपको मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट की पूर्ण जानकारी हो, ताकि क्षेत्र में उसका अनुपालन सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी समीर ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन सम्पन्न कराने के लिए आप प्रथम आधार हैं। चुनाव के पूर्व आपको मजिस्ट्रेट की शक्ति प्राप्त हो जाती है।

सेक्टर किसी भी घटना या एक्टिविटी का होता है प्रथम रिस्पांडर
सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष ने कहा कि सेक्टर अधिकारी किसी भी घटना या एक्टिविटी के प्रथम रिस्पांडर होते हैं। इसलिए आपको अपने क्षेत्र का फीड बैक पूरी तरह रहना चाहिए। अपने थानाध्यक्ष से संवेदनशील बूथ और भेद्य क्षेत्र के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर लें। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि चुनाव सर्वाधिक महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्य है। इसमें जरा भी कोताही अक्षम्य है। सीधे चुनाव आयोग कार्रवाई करता है। इसलिए सभी अधिकारी अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहेंगे।
ऐसी सूचना आने पर संबंधित अधिकारी या कर्मी के खिलाफ सख्त ऐक्शन लिया जाएगा। उन्होंने आपसी समन्वय तथा सामंजस्य बना कर काम करने का निर्देश दिया।
उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल ने पीपीटी के माध्यम से नियुक्ति से लेकर चुनाव पूर्व, चुनाव वाले दिन और चुनाव समाप्ति तक के सभी कार्यों को बेहद सूक्ष्मता से समझाया। उन्होंने प्रदान किए गए किट और उसमें मौजूद विभिन्न प्रपत्र की उपयोगिता और उसे भरने के तरीके को गहनता से समझाया।
उन्होंने बताया कि आवश्यकता के अनुरूप आपकी समीक्षा बैठक होगी। तब आपके तैयारी की जांच की जाएगी। किसी भी प्रकार की चूक क्षम्य नहीं है। बाद के प्रशिक्षण में इवीएम के संचालन, पोलिंग की प्रक्रिया, पोल रिपोर्टिंग प्रतिवेदन के फॉर्मेट प्रदान किए जाएंगे। विदित हो कि विधानसभा चुनाव को लेकर सारण जिला में 339 सेक्टर पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी नियुक्त किये गये हैं। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी सदर नीतेश कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी रविन्द्र कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी शशि कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता सदर आलोक राज, सहायक निदेशक समाजिक सुरक्षा राहुल कुमार आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply