यात्री सुविधा, व्यापारिक हितों एवं रेल सेवाओं को लेकर विचार-विमर्श
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित रेल मंडल कार्यालय सभागार में 27 जून को मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) की द्वितीय बैठक वर्चुअल कांफ्रेंस के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रोशन कुमार ने की, जबकि बैठक में मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमृतेश कुमार एवं सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक शैलेंद्र कुमार सहित रेल मंडल के सभी अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में नीतीश कुमार निराला, मनीष कुमार, विजय कुमार चौधरी, वीरेंद्र कुमार सिंह, टुनटुन कुमार एवं आर. रमेश ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सदस्यों ने वर्चुअल बैठक में सोनपुर रेल मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, टिकट बुकिंग प्रणाली, रेल सेवाओं की नियमितता तथा व्यापारिक हितों से संबंधित मुद्दों को विस्तार से रखा।
इस अवसर पर सदस्यों ने स्थानीय व्यापारिक संगठनों से प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं को भी साझा किया, जिनमें विशेष रूप से प्रमुख स्टेशनों पर बेहतर पेयजल सुविधा, सीटिंग अरेंजमेंट, डिजिटल सूचना बोर्ड, पार्किंग व्यवस्था तथा महिला यात्रियों के लिए विश्राम कक्ष जैसी आवश्यकताओं पर बल दिया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक रोशन कुमार ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना एवं उपरोक्त बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि सोनपुर मंडल द्वारा लगातार यात्रियों एवं व्यापारिक संगठनों के फीडबैक के आधार पर संरचनात्मक और सेवा- संबंधी सुधार किए जा रहे हैं। बैठक के समापन पर सभी सदस्यों ने रेलवे प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया और विश्वास जताया कि यात्री सेवाओं एवं स्टेशनों के विकास के लिए सुझावों पर शीघ्र अमल किया जाएगा।
![]()













Leave a Reply