Advertisement

टाटा मैजिक की टक्कर से स्कूटी सवार घायल, हालत गंभीर

प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। गोमिया-कथारा मुख्य मार्ग पर हजारी मोड़ के समीप टाटा मैजिक की टक्कर से स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। घटना 3 अप्रैल की बतायी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के हद में गोमिया थाना क्षेत्र के हजारी वैद्य टोला रहिवासी 22 वर्षीय युवक प्रिंस कुमार एवं 20 वर्षीय मनु कुमार स्कूटी से हजारी मोड़ से गोमिया की ओर जा रहे थे, इस दौरान गोमिया से कथारा विपरीत दिशा से आ रही एक टाटा मैजिक वाहन स्वांग मैगजीन के समीप अम्बा टोला जाने वाले मोड़ पर दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में स्कूटी सवार दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए।

घटना के बाद टाटा मैजिक वाहन चालक ने अविलंब दोनों घायलों को स्वांग के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद प्रिंस की स्थिति नाजुक बताई और उन्हें गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। गोमिया सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रांची रेफर कर दिया। वहीं मनु का इलाज स्वांग के निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही गोमिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और टाटा मैजिक वाहन को जब्त कर लिया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *