Advertisement

स्वांग में सत्यलोक की पहल: पब्लिक लाइब्रेरी में अध्ययन सुविधाओं का विस्तार

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। स्वयंसेवी संस्था सत्यलोक द्वारा पिछले वर्ष सरस्वती पूजा के अवसर पर बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के स्वांग वन बी में पहली पब्लिक लाइब्रेरी की स्थापना की गई थी। इस लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क वाई-फाई, आरामदायक कुर्सियाँ, दो अध्ययन टेबल, कंप्यूटर सेट, इन्वर्टर तथा पीने के पानी जैसी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई थीं।

जानकारी देते हुए सत्यलोक के संस्थापक एस. एन. राय ने 30 दिसंबर को बताया कि लाइब्रेरी के स्थापना के समय स्वांग दक्षिणी पंचायत के पूर्व मुखिया धनंजय सिंह के सौजन्य से पढ़ने वाले बच्चों की वाशरूम समस्या का भी समाधान किया गया था। उन्होंने बताया कि समय के साथ पुस्तकालय में विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ने लगी और बच्चों की ओर से यह मांग सामने आई कि केवल दो टेबल होने के कारण देर से आने वाले विद्यार्थियों को बैठने में असुविधा होती है।

संस्थापक राय ने बताया कि इसे लेकर टीम सत्यलोक ने यह वर्ष समापन से पहले चार अतिरिक्त टेबल लगाने का वादा किया था। फंड की कमी के कारण कार्य में थोड़ी देरी अवश्य हुई, लेकिन समाज के सहयोग से यह लक्ष्य साकार हो सका।
उन्होंने बताया कि गोमिया स्थित फिटनेस फोरम जिम के संचालक मनीष कुमार ने टेबल निर्माण हेतु उत्तम गुणवत्ता का प्लाई निःशुल्क उपलब्ध कराया।

वहीं हजारी मोड़ रहिवासी अमर कारपेंटर ने बिना किसी मजदूरी के चारों टेबल तैयार कर दिए। कुल खर्च के रूप में केवल लोहे की पाइप पर लगभग ₹3,500 का व्यय हुआ। बताया कि टेबल लगने के बाद अब लाइब्रेरी में अध्ययनरत बच्चे अधिक सहूलियत और उत्साह के साथ पढ़ाई कर सकेंगे। इस नेक कार्य में सहयोग देने वाले सभी सज्जनों के प्रति टीम सत्यलोक तथा सत्यलोक लाइब्रेरी में पढ़ने वाले बच्चों की ओर से हार्दिक आभार एवं साधुवाद व्यक्त किया गया है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *