Advertisement

नर्चर किड्स स्कूल करगली में सरस्वती पूजा एवं बसंत मेले का आयोजन

एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के करगली सीनियर क्वार्टर स्थित नर्चर किड्स स्कूल के प्रांगण में विद्या की देवी माँ सरस्वती की पूजा एवं एवीएन बसंत मेले का भव्य आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उल्लास एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ सफलता पूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा तथा बसंत ऋतु की मनोहारी छटा चारों ओर देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ 23 जनवरी को माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। पूजा में विद्यालय के निदेशक डॉ जय राठौर एवं उप प्राचार्या रूबी राठौर सहित विद्यालय परिवार ने सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार एवं पुष्पांजलि के माध्यम से माँ सरस्वती से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, ज्ञान, बुद्धि और सद्बुद्धि की कामना की गई।

इस अवसर पर एवीएन बसंत मेले के अंतर्गत विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। मेले में बच्चों एवं अभिभावकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। पारंपरिक वातावरण, बसंती रंगों की सजावट तथा आनंदपूर्ण माहौल ने आयोजन को विशेष बना दिया। इस अवसर पर डॉ जय राठौर ने अपने संदेश में कहा कि सरस्वती पूजा एवं इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में संस्कार, अनुशासन एवं भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान विकसित करते हैं।

वहीं उप प्राचार्या रूबी राठौर ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यालय एवं समाज के बीच आपसी समन्वय और सहयोग की भावना मजबूत होती है। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ शांतिपूर्ण एवं सफल रूप से किया गया। अभिभावकों एवं उपस्थित जन समुदाय ने विद्यालय द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम की सराहना की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *