Advertisement

सारण के कथक गुरु बक्शी विकास को मिला भारत रत्न अटल सम्मान

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। प्रिंट मीडिया वर्किंग जर्नलिस्ट एसोसिएशन द्वारा उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पंडित दीनदयाल उपाध्याय भवन स्थित सूचना विभाग के सभागार में बीते 25 दिसंबर को भारत रत्न अटल सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सारण जिला के हद में परसा प्रखंड के परसौना स्थित जे डी प्रोजेक्ट महिला इंटर स्तरीय विद्यालय के नृत्य शिक्षक गुरु बक्शी विकास को विश्वविख्यात चिकित्सक डॉ उमंग खन्ना, कवियित्री विदुषी रीमा सिन्हा, अध्यक्ष अब्दुल अज़ीज़ सिद्दीकी ने संयुक्त रूप से भारत रत्न अटल सम्मान प्रदान किया।

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती पर आयोजित इस सम्मान समारोह में साहित्य, संगीत, चिकित्सा, पत्रकारिता व अन्य क्षेत्रों की नामचीन हस्तियों की प्रतिभा को सम्मानित किया गया। गौरतलब है गुरु बक्शी विकास ने कथक नृत्य के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किये हैं। पूरे प्रदेश में गुरु विकास ने कथक नृत्य की नई पीढी को तैयार किया है। कथक के क्षेत्र में विश्व कीर्तिमान स्थापित कर चुके गुरु विकास को सांगीतिक उपलब्धि के रूप में पूर्व से ही स्वर्ण पदक, नृत्य शिरोमणि, कथक चक्र चुड़ामणि, बिहार सांस्कृतिक गौरव, नृत्य महर्षि, नृत्य रत्न समेत कई उपाधियों से अलंकृत किया गया है।

गुरु विकास नृत्य सम्राट पद्मविभूषण पंडित बिरजू महाराज के शिष्य हैं, जिनकी कला सेवा से संबंधित प्रश्न यूपीएससी एवं बीपीएससी की परीक्षाओं में पूछा गया है। कई देशों का भ्रमण कर चुके गुरु बक्शी विकास ने इस सम्मान को गुरु की कृपा, माता-पिता के संस्कार एवं प्रियजनों के प्रोत्साहन का प्रतिफल बताया। गुरु विकास की इस उपलब्धि ने सारण के शिक्षा विभाग के साथ – साथ पूरे प्रदेश के शास्त्रीय कला जगत का मान बढ़ाया।

इस उपलब्धि पर सुविख्यात गायक पंडित रामप्रकाश मिश्र, सिंगापुर से अंतर्राष्ट्रीय कथक गुरु चरण गिरधर चांद, सुविख्यात अंतर्राष्ट्रीय शास्त्रीय गायक डॉ प्रभाकर कश्यप, गायिका विदुषी बिमला देवी, जे डी प्रोजेक्ट महिला इंटर स्तरीय विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ अवधेश कुमार लाल कर्ण, संगीत शिक्षक गोविंद वल्लभ, राजनीतिशास्त्र विषय के शिक्षक दीप कुमार पाल, विद्यालय परिवार समेत कई नामचीन हस्तियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए साधुवाद दी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *