मानव तस्करी एवं शोषण के विरुद्ध कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र से एसएसपी सम्मानित
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार पुलिस मुख्यालय के अपराध अनुसंधान विभाग (कमजोर वर्ग) द्वारा 30 दिसंबर को राजधानी पटना के सरदार पटेल भवन स्थित ऑडिटोरियम में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध एवं निवारण) अधिनियम, 2013 (POSH Act) विषय पर जागरूकता-सह- संवेदीकरण कार्यक्रम से सम्बंधित था।
आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सारण जिला को राज्य में प्रथम स्थान प्रदान किया गया। इस अवसर पर बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने इस उपलब्धि पर सराहनीय नेतृत्व और कार्य कुशलता के लिए सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ कुमार आशीष को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
गौरतलब है कि पुलिस मुख्यालय की पहल पर 31 जुलाई से 14 अगस्त तक चले इस विशेष अभियान के तहत सारण पुलिस ने मानव तस्करी, बाल श्रम, अनैतिक देह व्यापार तथा ऑर्केस्ट्रा व थिएटर समूहों में फंसी पीड़िताओं को मुक्त कराने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। सारण जिले में इस दौरान ऑर्केस्ट्रा गिरोहों का पर्दाफाश किया गया तथा 29 नाबालिग एवं बालिग लड़कियों को शोषण के चंगुल से आजाद कराया गया। साथ ही संगठित अपराधियों की गिरफ्तारी और अन्य कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग संभाग) द्वारा इस अवसर पर सारण पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई और आशा व्यक्त की गयी कि सारण पुलिस भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कमजोर वर्गों की रक्षा, महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों का संरक्षण तथा संगठित अपराधों के उन्मूलन में अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी।

कहा गया कि यह उपलब्धि सारण पुलिस की टीम वर्क, प्रभावी नेतृत्व एवं समाज के प्रति समर्पण का प्रमाण है। बिहार पुलिस कमजोर वर्गों के उत्थान एवं अपराध मुक्त समाज के निर्माण के लिए कटिबद्ध है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीजीपी बिहार विनय कुमार उपस्थित थे। जबकि कार्यशाला का आयोजन एडीजी (कमजोर वर्ग) सीआईडी बिहार अमित कुमार जैन के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यशाला में वक्ता के रूप में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (कल्याण) स्मिता सुमन, एसपी, कमजोर वर्ग आमीर जावेद, एसपी सीडब्लूसीडीसी अंकित कश्यप, आकांक्षा सेवा सदन वंदना शर्मा, अधिवक्ता पीएचसी सक्षित अली शामिल थे। साथ ही पुलिस मुख्यालय, पटना जिला बल एवं बीएसएपी, पटना स्थित वाहिनियों के महिला पुलिस कर्मी एवं पुलिस पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply