Advertisement

पुष्प प्रदर्शनी के विजेताओं को सेल बोकारो निदेशक प्रभारी ने किया सम्मानित

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। सेल के बोकारो इस्पात संयंत्र के नगर प्रशासन विभाग के बागवानी अनुभाग द्वारा दो दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी पुष्पिता 2026 का 22 फरवरी को समापन हो गया।

आयोजित समापन समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप से सेल बोकारो के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन उपस्थित थे। उनके साथ अधिशासी निदेशक मानव संसाधन, अधिशासी निदेशक सामग्री प्रबंधन, अधिशासी निदेशक संकार्य, अधिशासी निदेशक परियोजनाएं तथा सीजीएम इंचार्ज वित्त एवं लेखा विशेष रूप से उपस्थित थे।

जानकारी के अनुसार समारोह के दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्प प्रदर्शनी की विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पुरस्कृत किया। प्रदर्शनी के अंतर्गत चार अलग-अलग श्रेणियों में पुष्पों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल के सदस्यों द्वारा किया गया था। नगरवासियों की श्रेणी में डॉ के. शिखा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नरेश कुमार महतो दूसरे और नायरा परवीन तीसरे स्थान पर रही। आराध्या को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

विद्यालयों की श्रेणी में एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल बोकारो ने प्रथम, डीपीएस ने द्वितीय तथा श्रीअय्यप्पा पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान पाया, जबकि सेंट मैरी नर्सरी स्कूल को सांत्वना पुरस्कार मिला। माली श्रेणी में आशुतोष रजवार ने प्रथम, शिव चरण गोप ने द्वितीय और यादव गोप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं नर्सरी श्रेणी में माली नर्सरी प्रथम, ठाकुर नर्सरी द्वितीय और अक्षत गार्डन तृतीय स्थान पर रहा।

इसके अलावा विशिष्ट श्रेणियों में गेंदा फूल के लिए श्रीअय्यप्पा पब्लिक स्कूल, डहलिया के लिए नरेश कुमार महतो, गुलाब के लिए डॉ रीता महतो तथा विविध प्रविष्टियों के लिए यादव गोप को सम्मानित किया गया। इकेबाना गार्डन की विशेष प्रस्तुति के लिए सीएच सुनील मोदी को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

समापन समारोह कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक नगर प्रशासन-बागवानी लंबोदर उपाध्याय के स्वागत संबोधन से किया गया। मुख्य महाप्रबंधक नगर प्रशासन कुंदन कुमार सहित संयंत्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नगरवासी इस अवसर पर उपस्थित थे। मंच संचालन उप महाप्रबंधक नगर प्रशासन तरुण श्रीवास्तव द्वारा किया गया तथा समारोह के अंत में उप महाप्रबंधक नगर प्रशासन (बागवानी) पी. एस. सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। निर्णायक मंडल में भूतपूर्व अधिशासी निदेशक संजय कुमार, सीजीएम परियोजनाएं अनिमा कुशवाहा और ऋचा प्रियदर्शी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर कहा गया कि यह पुष्प प्रदर्शनी बोकारो इस्पात संयंत्र की पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के प्रति अटूट निष्ठा को प्रतिबिंबित करती है। कहा गया कि पुष्पिता-2026 जैसे आयोजनों के माध्यम से बीएसएल न केवल नगरवासियों को प्रकृति के समीप लाने का प्रयास करता है, बल्कि शहर के सौंदर्यीकरण और हरित आवरण को बढ़ावा देकर एक स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बोकारो के निर्माण में निरंतर योगदान सुनिश्चित करता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *