प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चास थाना क्षेत्र में बीते 27 अक्टूबर की रात हुई आईआरबी जवान अजय यादव उर्फ़ सोनू की गोली मारकर हत्या के विरोध में 28 अक्टूबर की सुबह चास में बवाल मच गया।
आक्रोशित जनों ने सैकड़ों की संख्या में चास चेकपोस्ट को जाम कर दिया और सड़क पर धरना देते हुए अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। बोकारो के यदुवंश नगर चास रहिवासी लक्ष्मी नारायण यादव, के आईआरबी जवान पुत्र की हत्या को लेकर रहिवासियों का कहना है कि अगर जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि बीते 27 अक्टूबर की देर शाम चास के आदर्श कॉलोनी स्थित गायघाट में आपसी विवाद के दौरान गोली चल गई, जो अजय यादव के पेट में जा लगी। अजय गिरिडीह में आईआरबी में तैनात थे और छठ पर्व मनाने के लिए छुट्टी पर घर आए थे। परिजनों और स्थानीय रहिवासियों ने उन्हें गंभीर हालत में बोकारो जनरल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है, साथ ही आसपास के रहिवासियों से पूछताछ की जा रही है ताकि विवाद और गोलीबारी के कारणों का पता चल सके। अजय यादव की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा है। इलाके में मातम का माहौल है।
उधर, स्थानीय रहिवासियों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन रहिवासी अपराधियों की गिरफ्तारी तक धरना जारी रखने की बात पर अड़े रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
![]()













Leave a Reply